पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में प्रतिबंधित संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने दावा किया कि उसने एयरपोर्ट सिक्योरिटी फोर्स (ASF) के डिप्टी डायरेक्टर और कमांडिंग ऑफिसर वसीम अहमद को हिरासत में ले लिया है. BLA के मुताबिक, एयरपोर्ट सिक्योरिटी फोर्स के अफसरों को कलात जिले के मेन हाईवे अगवा किया गया.
BLA के प्रवक्ता जीयंद बलोच ने मीडिया को जारी बयान में कहा कि वसीम अहमद पाकिस्तान के रक्षा मंत्रालय के अधीन काम करने वाली ASF में वरिष्ठ पद पर तैनात थे और अब संगठन की गिरफ्त में हैं. बयान में कहा गया कि यह ऑपरेशन BLA की खुफिया शाखा'जिराब' से मिली गोपनीय जानकारी के आधार पर अंजाम दिया गया.
हाईवे पर रोकी गई गाड़ी, ड्यूटी पर थे वसीम अहमद
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, वसीम अहमद आधिकारिक काम से यात्रा कर रहे थे, तभी कलात के पास उनकी गाड़ी को हथियारबंद लड़ाकों ने रोक लिया. इसके बाद उनका कोई पता नहीं चल सका. बाद में BLA ने खुद सामने आकर उनकी हिरासत का दावा किया.
सूत्रों ने बताया कि वसीम अहमद की मौजूदा तैनाती झोब में थी. वह इससे पहले मुल्तान, कराची और पंजगुर जैसे इलाकों में भी सेवाएं दे चुके थे. डिप्टी डायरेक्टर बनने के बाद उनकी पोस्टिंग दोबारा कराची और फिर झोब में की गई थी. सुरक्षा हलकों में उन्हें अनुभवी अधिकारी माना जाता रहा है.
Baloch Rebel Group BLA statement to Pakistani Media
— Aditya Raj Kaul (@AdityaRajKaul) May 22, 2026
“The Deputy Director of the Airport Security Force, Wasim Ahmed, is in our custody — Baloch Liberation Army
The Deputy Director and Commanding Officer of the Airport Security Force (ASF), which operates under the Ministry of… pic.twitter.com/eSbM53uG0O
BLA ने खुफिया ऑपरेशन बताकर बढ़ाई चिंता
BLA ने अपने बयान में कहा कि यह कोई अचानक की गई कार्रवाई नहीं थी, बल्कि पूरी योजना के साथ ऑपरेशन को अंजाम दिया गया. संगठन ने दावा किया कि उसके इंटेलिजेंस विंग “जिराब” ने वसीम अहमद की आवाजाही और पहचान से जुड़ी जानकारी जुटाई थी, जिसके बाद उन्हें निशाना बनाया गया. संगठन की ओर से यह भी कहा गया कि इस मामले में आगे और जानकारी जल्द मीडिया को दी जाएगी. हालांकि, BLA ने यह साफ नहीं किया कि वसीम अहमद को कहां रखा गया है और उनकी स्थिति क्या है.
पाकिस्तानी अधिकारियों की बोलती बंद
घटना के कई घंटे बाद तक पाकिस्तान सरकार या ASF की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया. न ही वसीम अहमद के अपहरण या हिरासत की पुष्टि की गई. पाक सुरक्षा एजेंसियों की चुप्पी ने मामले को और गंभीर बना दिया है.
यह भी पढ़ें: ट्रंप की बेटी इवांका की हत्या की साजिश, ईरान का सामने आया कनेक्शन; संदिग्ध ने बना रखा था 'ब्लूप्रिंट'