विज्ञापन
This Article is From Jun 12, 2025

अहमदाबाद विमान दुर्घटना : पाकिस्तान, रूस, कनाडा सहित किस देश की तरफ से क्या कहा गया 

अजरबैजान के विदेश मंत्रालय ने भी हादसे पर संवेदना व्यक्त की और ‘‘आने वाले दिनों में पीड़ितों के उबरने की आशा व्यक्त की. 

अहमदाबाद विमान दुर्घटना : पाकिस्तान, रूस, कनाडा सहित किस देश की तरफ से क्या कहा गया 
मॉस्को/ ओटावा:

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुतारेस, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी सहित विश्व के कई नेताओं ने बृहस्पतिवार को अहमदाबाद में हुए विमान हादसे पर भारत के लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की. लंदन के गैटविक जा रही एअर इंडिया की उड़ान (एआई171) अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से अपराह्न करीब 1:40 बजे उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई. विमान में चालक दल के सदस्यों सहित 242 लोग सवार थे. विमान में सवार लोगों में 12 चालक दल के सदस्यों के अलावा 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, एक कनाडाई और सात पुर्तगाली नागरिक सवार थे.

रूस ने क्या कहा

क्रेमलिन (रूसी सरकार का मुख्यालय) ने मॉस्को में जारी बयान में कहा कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अहमदाबाद में विमान दुर्घटना पर भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अपनी गहरी संवेदना प्रेषित की है.रूस की सरकारी समाचार एजेंसी तास के मुताबिक पुतिन ने भारत के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को भेजे संदेश में कहा, ‘‘अहमदाबाद हवाई अड्डे के नजदीक हुए विमान हादसे के दुखद परिणामों पर मेरी गहरी संवेदनाएं स्वीकार करें. कृपया मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी सहानुभूति और समर्थन व्यक्त करें तथा दुर्घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करें.''

कनाडा ने क्या कहा

कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह अहमदाबाद में एक विमान के दुर्घटनागस्त होने के बारे में जानकर ‘‘काफी स्तब्ध'' हैं. कार्नी ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘लंदन जा रहे एअर इंडिया के विमान के अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर सुनकर स्तब्ध हूं.'' उन्होंने कहा, ‘‘मेरी संवेदनाएं विमान में सवार सभी लोगों के प्रियजनों के साथ हैं. कनाडा के परिवहन अधिकारी अपने समकक्षों के साथ करीबी संपर्क में हैं और मैं इस त्रासदी के बारे में नियमित रूप से जानकारी ले रहा हूं.'' कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद ने भी इसे ‘‘दुखद समाचार'' और ‘‘ भयावह'' बताया. उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘‘एक्स'' पर एक पोस्ट में कहा कि ‘‘कनाडा अपने अंतरराष्ट्रीय भागीदारों के साथ निकट संपर्क में है. मेरी संवेदनाएं इस त्रासदी में मारे गए लोगों के परिवारों और प्रियजनों के साथ हैं.''

संयुक्त राष्ट्र के महासचिव गुतारेस ने कहा कि वह एअर इंडिया के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से ‘‘बहुत दुखी'' हैं. उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर एक पोस्ट में प्रभावित परिवारों और पीड़ितों के प्रियजनों के प्रति ‘‘हार्दिक संवेदना'' व्यक्त की.

यूरोपीय आयोग ने क्या कहा

यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘अहमदाबाद में विमान दुर्घटना की दुखद खबर भारत से आई है. इस भयावह हादसे के पीड़ित परिवारों और प्रियजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं. हम आपकी इस पीड़ा को साझा करते हैं. पीएम नरेन्द्र मोदी यूरोप इस दुख की घड़ी में आपके और भारत के लोगों के साथ एकजुटता प्रकट करता है.'' 

यूक्रेन ने क्या कहा

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने इसे ‘‘भयावह खबर''और मोदी तथा भारत के सभी लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की. उन्होंने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में लिखा, ‘‘हमारी संवेदनाएं भारत, ब्रिटेन, पुर्तगाल और कनाडा में सभी पीड़ितों के रिश्तेदारों और करीबी लोगों के साथ हैं. हम इस दुखद दिन पर आपके सदमे और दुख को साझा करते हैं. हम सभी प्रार्थना करते हैं कि अधिक से अधिक लोगों की जान बचाई जाए और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं.'' यूक्रेन के विदेश मंत्री एंड्री सिबिहा ने भी मित्र भारत और अपने समकक्ष एस जयशंकर के साथ् शोक संदेश साझा किया. उन्होंने ‘एक्स' पर कहा, ‘‘बहुत दुख के साथ, हमें यूक्रेन में अहमदाबाद में एअर इंडिया के यात्री विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की जानकारी मिली. ... भारत, ब्रिटेन, पुर्तगाल और कनाडा में सभी पीड़ित परिवारों के प्रति हमारी संवेदना. हम घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं.''

अमेरिका ने क्या कहा

अमेरिकी  राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि यह एक भयावह घटना है. उनकी संवेदनाएं भारत के साथ हैं. अमेरिका जो कुछ भी संभव है, जरूर करेगा. विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वाशिंगटन घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और प्रभावित लोगों की मदद के लिए काम कर रहे आपात सेवा कर्मियों के साथ खड़ा है. उन्होंने ‘एक्स' पर लिखा, ‘‘भारत के अहमदाबाद में हुए दुखद विमान हादसे की हृदय विदारक खबर सुनी. मेरी प्रार्थनाएं उन सभी के साथ हैं जिन्होंने इस भयावह हादसे में अपने प्रियजनों को खो दिया है.''

जर्मनी ने क्या कहा

जर्मन विदेश मंत्री जोहान वेडफुल ने कहा कि वह अहमदाबाद में एअर इंडिया के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की ‘‘चौंकाने वाली तस्वीरों'' पर नज़र रखे हुए हैं. उन्होंने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘चूंकि हम अभी केवल विवरण एकत्र कर रहे हैं, मेरे विचार और हार्दिक प्रार्थनाएं भारत में हमारे दोस्तों और वर्तमान में अपने प्रियजनों के लिए आशा कर रहे सभी लोगों के साथ हैं.''

मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने इस दुखद हादसे पर ‘‘गहरा शोक'' व्यक्त करते हुए ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘इस कठिन समय में, मालदीव की सरकार और जनता भारत के लोगों और सरकार के साथ एकजुटता में खड़े हैं.''

श्रीलंका ने क्या कहा

श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके ने कहा कि वह इस दुखद दुर्घटना से ‘‘बहुत दुखी'' हैं. उन्होंने ‘‘ विमान में सवार सभी प्रभावित लोगों के परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की.'' दिसानायके ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘जमीन पर नागरिक हताहत होना भी उतना ही दुखद है, जिसमें युवा मेडिकल छात्र भी शामिल हैं, जिनका जीवन और भविष्य इस त्रासदी से प्रभावित हुआ है. इस गहरे दुख की घड़ी में, श्रीलंका के लोग भारत के साथ खड़े हैं. हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं.''

नेपाल ने क्या कहा

नेपाल के विदेश मंत्रालय के बयान में कहा गया है कि नेपाल सरकार इस घटना से ‘गहरे सदमे' मे है और भारत सरकार, भारत के मित्रवत लोगों तथा इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी ‘‘हार्दिक संवेदना'' व्यक्त करती है. विदेश मंत्रालय ने बयान में कहा, ‘‘इस गहरे दुख की घड़ी में नेपाल सरकार और जनता भारत सरकार और जनता के साथ एकजुटता से खड़ी है तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए हार्दिक संवेदना व्यक्त करती है.''नेपाल के प्रचंड ने कहा कि वह इस विमान हादसे से ‘बहुत दुखी' हैं. उन्होंने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मेरी संवेदनाएं पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ हैं. नेपाल इस दुख की घड़ी में भारत के साथ खड़ा है.''

मलेशिया ने क्या कहा

मलेशियाई प्रधानमंत्री इब्राहिम ने कहा कि वह इस दुखद हादसे के बारे में जानकर ‘‘बहुत व्यथित'' हैं. उन्होंने कहा,‘‘मलेशिया की सरकार और जनता की ओर से मैं प्रभावित सभी लोगों के परिवारों और प्रियजनों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं.'इब्राहिम ने ‘एक्स' पर कहा, ‘‘हम भारत के दुख में शामिल हैं और राहत कार्य जारी रहने के दौरान पूरी एकजुटता के साथ खड़े हैं. हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पीड़ितों और इस भयावह क्षति पर शोक मना रहे सभी लोगों के साथ हैं.''

अजरबैजान के विदेश मंत्रालय ने भी हादसे पर संवेदना व्यक्त की और ‘‘आने वाले दिनों में पीड़ितों के उबरने की आशा व्यक्त की. 

इजरायल ने क्या कहा

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि उन्हें एअर इंडिया दुर्घटना के बारे में जानकर “दुख” हुआ है. उन्होंने कहा, ‘‘मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं मृतकों के परिवारों के साथ हैं.'' विदेश मंत्री गिदोन सार ने भी इस घटना पर दुख व्यक्त किया. सार ने ‘एक्स' पर लिखा, ‘भारत के अहमदाबाद में विमान दुर्घटना के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ. इस भयावह घटना के मद्देनजर हमारी संवेदनाएं भारतीय लोगों के साथ हैं.''

फिनलैंड के प्रधानमंत्री पेटेरी ओर्पो ने प्रधानमंत्री मोदी और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री केअर स्टॉर्मर, पीड़ितों के परिवारों और प्रियजनों और एअर इंडिया की दुखद दुर्घटना से प्रभावित सभी लोगों के प्रति अपनी ‘‘सबसे हार्दिक संवेदना''व्यक्त की.

पाकिस्तान ने क्या कहा

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने बृहस्पतिवार को अहमदाबाद में एअर इंडिया विमान हादसे पर दुख व्यक्त किया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की. शहबाज ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आज अहमदाबाद के निकट एअर इंडिया के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से दुखी हूं. हम इस भारी क्षति से पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं. हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं इस हृदय विदारक त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं.'' उनके बड़े भाई और तीन बार प्रधानमंत्री रह चुके नवाज शरीफ ने विमान दुर्घटना में लोगों की मौत को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत की जनता के समक्ष संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यह भयावह हादसा सीमाओं से परे है और हमें हमारी साझा मानवता की याद दिलाती है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ahmedabad Plane Crash, World Statement On Plane Crash, Air India Plane Crash, Foreign Leaders Statement On Plane Crash, Gujarat Plane Accident
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com