US Iran War: ट्रंप का बड़ा इशारा, ईरान पर हमले की तैयारी! अमेरिका में इमरजेंसी मीटिंग

US Iran War: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच एक बार फिर वैश्विक स्तर पर चिंता गहराती नजर आ रही है. सीजफायर के बावजूद हालात स्थिर नहीं हैं और अब अमेरिका से आई ताजा खबरों ने इस तनाव को और बढ़ा दिया है. अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप जल्द ही ईरान पर संभावित सैन्य कार्रवाई को लेकर एक अहम बैठक करने वाले हैं.
बताया जा रहा है कि इस बैठक में ईरान के ऊर्जा ठिकानों और अहम इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाने की रणनीति पर चर्चा हो सकती है. ट्रंप पहले ही ईरान को सख्त चेतावनी दे चुके हैं कि "समय तेजी से खत्म हो रहा है" और अगर जल्द कोई समझौता नहीं हुआ तो बड़े हमले किए जा सकते हैं. उनकी यह चेतावनी अब सिर्फ बयानबाजी नहीं बल्कि संभावित एक्शन का संकेत मानी जा रही है.
सूत्रों के मुताबिक, पेंटागन ने ईरान के खिलाफ सैन्य विकल्पों पर एक ड्राफ्ट तैयार किया है. इसमें मिलिट्री स्ट्राइक्स से लेकर रणनीतिक दबाव बनाने तक के विकल्प शामिल हैं. बैठक में उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, सीनेटर मार्को रूबियो, CIA डायरेक्टर और अन्य शीर्ष अधिकारी शामिल हो सकते हैं.
दरअसल, अमेरिका और ईरान के बीच सबसे बड़ा विवाद ईरान के न्यूक्लियर प्रोग्राम और एनरिच्ड यूरेनियम को लेकर है. अमेरिका चाहता है कि ईरान इसे अपने नियंत्रण में दे, जबकि ईरान ने साफ इनकार कर दिया है. इसके अलावा, समुद्री नाकेबंदी और व्यापारिक रास्तों को लेकर भी दोनों देशों के बीच टकराव जारी है.
ट्रंप की हालिया सोशल मीडिया पोस्ट्स भी इस तनाव को बढ़ाने वाली मानी जा रही हैं. एक पोस्ट में उन्होंने मिडल ईस्ट का विवादित नक्शा साझा किया, जिसमें ईरान को चारों तरफ से रेड एरो से घिरा दिखाया गया. वहीं, दूसरी पोस्ट में 'तूफान से पहले की शांति' का जिक्र करते हुए एक सैन्य सीन दिखाया गया. एक्सपर्ट्स इसे साइकोलॉजिकल वॉरफेयर का हिस्सा मान रहे हैं.
इधर, अमेरिका के भीतर भी ट्रंप पर दबाव बढ़ रहा है. तेल की कीमतों में उछाल और युद्ध से जुड़े सवालों ने उनकी लोकप्रियता को प्रभावित किया है. ऐसे में यह सैन्य विकल्प उनके लिए एक राजनीतिक दांव भी हो सकता है.
सबसे बड़ा सवाल अब यही है कि क्या अमेरिका फिर से ईरान पर हमला करेगा या कूटनीति के जरिए कोई रास्ता निकलेगा. आने वाले दिनों में होने वाली इस बैठक के फैसले पर पूरी दुनिया की नजर टिकी है.

संबंधित वीडियो