दिल्ली में बृहस्पतिवार को छात्र संघ द्वारा निकाले गए मार्च के दौरान पुलिस और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के छात्रों के बीच झड़प में 25 पुलिसवाले घायल हो गए. पुलिस ने दावा किया कि प्रदर्शनकारियों ने उस पर हमला किया. वहीं प्रदर्शनकारी छात्रों ने अपने खिलाफ अत्यधिक बल प्रयोग का आरोप लगाया. 51 प्रदर्शनकारी छात्रों को पुलिस ने हिरासत में लिया है. पुलिस ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने लाठियां और जूते फेंके और हमले किए, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए. पुलिस ने बताया कि इस दौरान कुछ कर्मियों को दांत से भी 'काट' लिया गया. वसंत कुंज थाने में इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है.