पंजाब के जालंधर रेंज के तहत आने वाली थेह कांजला स्थित कपूरथला मॉडर्न सेंट्रल जेल से शनिवार देर रात हिंसा, आगजनी और भारी उपद्रव की एक बेहद सनसनीखेज खबर सामने आई है। जेल के भीतर करीब 4,000 कैदियों की मौजूदगी के बीच बैरक नंबर 4 में मामूली बात को लेकर दो गुटों के कैदी आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि बेकाबू हुए 40 से 50 कैदी बैरकों की छतों पर चढ़ गए और उत्पात मचाने लगे। उग्र कैदियों ने जेल संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचाया, बैरक की एक दीवार को तोड़ दिया और जेल के एक हिस्से व कपड़ों में आग लगा दी, जिससे आसमान में धुएं का गुबार साफ देखा गया।