विज्ञापन
This Article is From Jul 07, 2016

उत्तराखंड के चमोली में एक और लाश मिली, मरने वालों की संख्या 21 पहुंची

उत्तराखंड के चमोली में एक और लाश मिली, मरने वालों की संख्या 21 पहुंची
रेस्क्यू ऑपरेशन में लगे जवान
देहरादून: उत्तराखंड में मलबे से और एक शव बरामद होने के साथ ही एक जुलाई को पिथौरागढ़ और चमोली जिलों में बादल फटने और भूस्खलन की घटनाओं में मरने वालों की संख्या बढकर 21 हो गई है। इस प्राकृतिक आपदा के बाद 11 लोग अब भी लापता हैं।

पिथौरागढ़ के सर्वाधिक प्रभावित बस्तड़ी गांव को छोड़कर अन्य सभी जगहों पर राहत-बचाव कार्य पूरा कर लिया गया है। बस्तड़ी से आठ व्यक्ति अभी भी लापता हैं। इस बीच, मुख्यमंत्री हरीश रावत ने आज पिथौरागढ़ जिले के आपदा ग्रस्त नाचनी गांव का दौरा कर वहां स्थिति का जायज़ा लिया और राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिये।

चमोली जिला आपदा प्रबंधन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, घाट क्षेत्र में मंदाकिनी नदी की बाढ़ में बह गये धुनी गांव के रामचंद्र का शव कल शाम बरामद कर लिया गया। एक जुलाई को अपने पोते के साथ बह गये 80 वर्षीय रामचंद्र का शव जाखणी गांव में अलकनंदा नदी के तट पर मिला। हालांकि उनके पोते योगेश्वर प्रसाद (19) का शव अभी नहीं मिल पाया है। प्रसाद के अलावा दो अन्य व्यक्ति अब भी लापता हैं।

रामचंद्र का शव बरामद होने के बाद चमोली जिले में इस प्राकृतिक आपदा में मरने वालों की संख्या चार हो गई है। पिथौरागढ़ जिले में 17 लोगों की मौत हुई है। मुख्यमंत्री ने नाचनी में आपदा प्रभावितों से मुलाकात की तथा उन्होंने जिलाधिकारी को निर्देश दिया कि वे अगले 72 घंटों में प्रभावितों को राहत राशि दें।

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
उत्तराखंड बाढ़, पिथौरागढ़, चमौली, Uttarakhand, Pithauragarh, Chamoli, Uttarakhand Landslide
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com