विज्ञापन
This Article is From Apr 08, 2017

आजम खान के बारे में मुख्तार अब्बास नकवी से पूछा सवाल तो मिला जवाब, 'ईमानदार को छेड़ेंगे नहीं, बेईमान को छोड़ेंगे नहीं'

आजम खान के बारे में मुख्तार अब्बास नकवी से पूछा सवाल तो मिला जवाब, 'ईमानदार को छेड़ेंगे नहीं, बेईमान को छोड़ेंगे नहीं'
केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने शनिवार को यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की (फाइल फोटो)
  • आजम खान पर वक्फ जमीन कथित रूप से कब्जा करने के आरोप
  • नकवी ने कहा - कुछ बेईमान हैं, जिन्हें डरने की जरूरत है
  • 'वक्फ की संपत्तियों को अवैध कब्जे से मुक्त कराने की कोशिश करेगी सरकार'
लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री आजम खान द्वारा वक्फ की भूमि पर कथित रूप से कब्जा करने के आरोपों के बीच केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने शनिवार को कहा कि जो ईमानदार हैं, उन्हें डरने की जरूरत नहीं हैं, लेकिन कुछ बेईमान हैं, जिन्हें डरने की जरूरत है. जो ईमानदार है उसे छेड़ा नहीं जाएगा और जो बेईमान हैं, उन्हें छोड़ा नहीं जाएगा. नकवी से यूपी के पूर्व वक्फ मंत्री आजम खान के खिलाफ जांच को लेकर सवाल किया गया था.

आजम खान द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के अन्य नेताओं के खिलाफ की जाने वाली विवादास्पद टिप्पणियों के बारे में किए गए सवाल पर नकवी ने कहा, 'हम बदजुबानी और गालीगलौज की प्रतिस्पर्धा में न तो पड़ना चाहते हैं और न ही उस पर यकीन करते हैं.' उन्होंने कहा कि वक्फ की संपत्तियों को कैसे बचाया जाए, अवैध कब्जे कैसे मुक्त कराए जाएं, इसका प्रयास सरकार करेगी. नए वक्फ कानून में इसे लेकर कई अहम प्रावधान हैं.

गौरतलब है कि पूर्व समाजवादी पार्टी (सपा) नेता अमर सिंह ने गुरुवार को सपा नेता आजम खान पर जमकर निशाना साधते हुए उन्हें पापी, दुराचारी और भ्रष्ट तक कह दिया. मिर्जापुर जिले के विंध्याचल मंदिर में दर्शन करने पहुंचे अमर सिंह ने आजम खान पर टिप्पणी करते हुए कहा कि पता नहीं आजम खान का महिलाओं से क्या बैर है. उन्होंने कहा, "आजम खान के इन बयानों को सुन कर मुझे अलाउद्दीन खिलजी याद आता है. और ये दुस्साहसी इतना है कि मुलायम सिंह का जन्मदिवस मनाकर कहता है कि दाऊद इब्राहिम और अबू सलेम ने हमको फंड किया है, जिसको जो करना है कर ले.

शनिवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के बाद नकवी ने कहा कि उनकी मुख्यमंत्री के साथ करीब 45 मिनट की बैठक हुई. इस दौरान उनके मंत्रालय और उत्तर प्रदेश सरकार के संबद्ध विभागों के अधिकारी मौजूद थे. उन्होंने कहा, 'हमारा संकल्प है कि हर गरीब और हर तबके के लोगों की आंखों में खुशी आए. इसी संकल्प के साथ केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में और उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार काम कर रही है.'

मुख्तार अब्बास नकवी ने यूपी की पूर्ववर्ती सपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र की ओर से अल्पसंख्यकों के सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक सशक्तीकरण के लिए उत्तर प्रदेश को अरबों रुपये दिए गए. पिछले तीन साल में 15 हजार करोड़ रुपये भेजे गए. जितना भेजा गया है, उसके हिसाब से तो अल्पसंख्यकों में गरीब और कमजोर तबके में किसी को भी अशिक्षित और बेरोजगार नहीं रहना चाहिए था.' उन्होंने कहा कि धन के खर्च और योजनाओं को अमली जामा पहनाए जाने की समीक्षा की जाएगी. (इनपुट एजेंसियों से)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mukhtar Abbas Naqvi, Azam Khan, UP Government, Yogi Adityanath
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com