Uttar Pradesh Weather Upodate: उत्तर प्रदेश फिलहाल लू का प्रकोप झेल रहा है. दिन में चल रही गर्म हवा ने लोगों का घरों से निकलना मुश्किल कर दिया है. राज्य के कई जिलों में पारा 45 डिग्री (Temperature in UP) के पार दर्ज किया जा रहा है. वहीं, बांदा तो प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां रविवार को अधिकतम तापमान 46.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज यानी 27 अप्रैल को भी लू चलने की चेतावनी दी है. साथ ही अनुमान जताया है कि 28 अप्रैल को मौसम बदल सकता है. इस दिन बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान आ सकता है.
बांदा में पारा 46.6 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 4.4 डिग्री ज़्यादा) तक पहुंच गया. इसके बाद प्रयागराज रहा, जहां तापमान 45.7 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 4.8 डिग्री ज़्यादा) दर्ज किया गया. इसके अलावा फुरसतगंज (अमेठी) में 44.7 डिग्री सेल्सियस, हमीरपुर में 44.2 और कानपुर में 44.1, झांसी और वाराणसी में 44 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.
Heat Wave in UP: आज इन जिलों में चलेगी लू
उत्तर प्रदेश के बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, लखनऊ, कानपुर, आगरा, मेरठ, गाजियाबाद, अलीगढ़, झांसी और आसपास के इलाकों में इस दौरान लू चलने की उम्मीद है. इसके अलावा आईएमडी का कहना है कि पश्चिमी यूपी के मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़ और आगरा जैसे जिलों में तो रातें भी गर्म रह सकती हैं.
The highest maximum temperature of 46.9°C was reported at #Akola (VIDARBHA).#HeatWave conditions realised at a few places of Vidarbha, isolated pockets of Rajasthan and Uttar Pradesh. pic.twitter.com/pHVFWoR9W8
— India Meteorological Department (@Indiametdept) April 26, 2026
कल से राहत के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, यूपी में लगातार पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में लू चल रही है. इसके साथ ही रातें भी गर्म हो रही हैं. कुछ जगहों पर लू सीमित रहने के साथ सोमवार को भी लू जारी रहने की आशंका है. 28 अप्रैल से धीरे-धीरे राहत मिल सकती है. मौसम विभाग का कहना है कि मंगलवार से बारिश का संभावना है. इसके चलते अधिकतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की उम्मीद है.
पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव का दिखेगा असर
मौसम विभाग के अनुसार, 28 अप्रैल से पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के एक्टिव होने के चलते मौसम बदल सकता है. उत्तर प्रदेश में सोमवार को कुछ जगहों पर बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी. अधिकारियों ने बताया कि 29 अप्रैल को हवा की रफ्तार बढ़कर 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
मौसम विभाग का मानना है कि गरज-चमक और आंधी-तूफान का सिलसिला 2 मई तक जारी रह सकता है. इसका असर पूर्वी और पश्चिमी यूपी पर पड़ेगा. गोरखपुर, देवरिया, बस्ती, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बरेली और मुरादाबाद जैसे जिलों में ज्यादा असर दिखेगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं