यूपी के बुलंदशहर के खुर्जा स्थित श्री सूरजमल जटिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है. यहां एक 6 वर्षीय मासूम बच्चे के हर्निया ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों ने कथित घोर लापरवाही बरतते हुए गलत तरफ का ऑपरेशन कर दिया. (ज़िशान अली की रिपोर्ट)
पीड़ित परिवार के अनुसार, बच्चे को काफी समय से पेट दर्द और सूजन की शिकायत थी. जांच के बाद अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से बच्चे के शरीर के बाईं ओर हर्निया होने की पुष्टि हुई थी. परिवार ने सभी रिपोर्ट डॉक्टरों को दिखाईं और ऑपरेशन के लिए बच्चे को भर्ती कराया. लेकिन ऑपरेशन थिएटर से बाहर आने के बाद जब परिजनों ने देखा, तो डॉक्टर ने दाईं ओर चीरा लगाकर ऑपरेशन कर दिया था. परिजनों का आरोप है कि जब उन्होंने इस गलती पर सवाल उठाया, तो स्टाफ ने अफरा-तफरी में गलती छिपाने के लिए दोबारा प्रक्रिया शुरू की, जिससे परिवार मानसिक रूप से टूट गया.
संबंधित डॉक्टर से मांगा जवाब
अस्पताल के CMS दिनेश कुमार: "6 वर्षीय बच्चा बाईं तरफ के हर्निया की शिकायत लेकर भर्ती हुआ था. सर्जन डॉ. राजेंद्र बंसल ने उसका ऑपरेशन किया. परिजनों के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए हमने संबंधित डॉक्टर से स्पष्टीकरण मांगा है. पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी."
पीड़ित पिता, पुष्पेंद्र कुमार: "यह मेरे बच्चे की जिंदगी के साथ खिलवाड़ है. डॉक्टरों ने रिपोर्ट देखने के बावजूद गलत साइड ऑपरेशन कर दिया. हम चाहते हैं कि ऐसे डॉक्टरों पर कानूनी कार्रवाई हो ताकि किसी और के बच्चे के साथ ऐसा न हो." परिजनों को आरोप है कि इतनल गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद भी अस्पताल प्रशासन की ओर से उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है. मामले को रफा-दफा करने की कोशिश की जा रही है.
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में ₹27 लाख से भरी ATM कैश वैन लूटने वालों का एनकाउंटर, वेब सिटी इलाके में रात को कार्रवाई
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं