- कांग्रेस ने यूपी विधानसभा में एसपी के साथ डील के लिए प्लान तैयार कर लिया है
- प्रियंका गांधी ने राज्य में डील के लिए खुद ही मोर्चा संभाला है
- माना जा रहा है कि नवंबर में दोनों दल किसी समझौते पर पहुंच सकते हैं
उत्तर प्रदेश में अभी कांग्रेस और समाजवादी पार्टी में सीटों को लेकर बंटवारे में पेच फंसा हुआ है. कांग्रेस आलाकमान राज्य में सीटों को बंटवारे के लिए लगातार बैठक कर रही है. वायनाड से कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कल यूपी कांग्रेस नेताओं के साथ तीन घंटे तक सीटों पर मंथन किया. इसमें करीब 175 सीटों पर चर्चा हुई. कांग्रेस ने लगभग A कैटेगरी की 100, B कैटेगरी की 40-50, C कैटेगरी की 25-35 सीटों की सूची तैयार की है.
नवंबर तक फाइनल हो जाएगा सीट बंटवारा
प्रियंका गांधी के साथ इसी हफ़्ते यूपी कांग्रेस के नेताओं की एक और बैठक होनी है. इसके बाद कांग्रेस करीब 150 सीटों की लिस्ट समाजवादी पार्टी को सौंप सकती है. नवंबर में सीट बंटवारा फाइनल करने का लक्ष्य है. 2024 के लोकसभा चुनाव और 2017 के विधानसभा चुनाव को आधार बनाकर कांग्रेस अपनी लिस्ट तैयार कर रही है. कांग्रेस की कोशिश है कि हर लोकसभा में कम से कम एक विधानसभा की सीट जरूर लड़े.
रायबरेली और सहारनपुर सीट पर भी दावा करेगी कांग्रेस
2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस 38 विधानसभा सीट पर आगे थी और 42 सीट पर दूसरे नंबर पर थी. ये सभी 80 सीटें कांग्रेस की सूची में शामिल हैं. इसके अलावा अजय राय, अजय लल्लू, सुप्रिया श्रीनेत, नदीम जावेद जैसे पार्टी के बड़े नेताओं की सीटों का नाम है. अमेठी, रायबरेली और सहारनपुर की वैसी सीटों पर भी कांग्रेस दावा करेगी जिन पर फिलहाल समाजवादी पार्टी के विधायक हैं. समाजवादी पार्टी की जीती हुई करीब एक दर्जन सीटों पर कांग्रेस की नज़र है. अखिलेश यादव के साथ सीट बंटवारे की बातचीत में प्रियंका गांधी की अहम भूमिका रहेगी, औपचारिक चर्चा कांग्रेस एक कमिटी का गठन कर सकती है.
यह भी पढ़ें | अखिलेश के गढ़ में सपाई गायब; PDA सम्मेलन में कुर्सी खाली रहने पर एक्शन, जिलाध्यक्ष हटाया, पूरी कार्यकारिणी भंग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं