विज्ञापन

शिवा शर्मा हत्याकांड: इंस्पेक्टर के बाद DCP सेंट्रल विक्रांत वीर भी हटाए गए, श्रद्धा दुबे पर 50 हजार का इनाम

लखनऊ के चर्चित शिवा शर्मा हत्याकांड में पुलिस विभाग में कार्रवाई जारी है. इंस्पेक्टर विक्रम सिंह के बाद डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर को भी हटा दिया गया है. उधर, फरार आरोपी श्रद्धा दुबे पर इनामी राशि बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दी गई है. 

शिव शर्मा हत्याकांड: डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर का तबादला
NDTV
  • लखनऊ के शिवा शर्मा हत्याकांड में डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर को पद से हटाकर मुख्यालय से संबद्ध किया गया है
  • हजरतगंज कोतवाली के इंस्पेक्टर विक्रम सिंह के बाद विक्रांत वीर पर भी पुलिस महकमे ने कार्रवाई की है
  • श्रद्धा दुबे, रश्मि दुबे और चालक दानिश अभी भी फरार हैं, उनकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं

लखनऊ के चर्चित शिवा शर्मा हत्याकांड में पुलिस महकमे में कार्रवाई का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है. हजरतगंज कोतवाली के इंस्पेक्टर विक्रम सिंह के बाद अब डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर पर भी गाज गिरी है. 2014 बैच के आईपीएस अधिकारी विक्रांत वीर को उपायुक्त पुलिस (डीसीपी), कमिश्नरेट लखनऊ के पद से हटाते हुए प्रतीक्षारत (वेटिंग) कर दिया गया है. उन्हें मुख्यालय से संबद्ध किए जाने के आदेश जारी किए गए हैं.  पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा द्वारा श्रद्धा दुबे मामले में लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है. इसी क्रम में रविवार को पहले डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर को हजरतगंज कोतवाली में लाइन हाजिर किया गया था. इसके कुछ ही घंटों बाद उनके तबादले और मुख्यालय से संबद्ध किए जाने की कार्रवाई कर दी गई. इससे पहले इसी मामले में हजरतगंज कोतवाली के इंस्पेक्टर विक्रम सिंह पर भी कार्रवाई हुई थी.

श्रद्धा दुबे की तलाश में जुटी पुलिस

शिवा शर्मा हत्याकांड में नामजद आरोपी श्रद्धा दुबे, रश्मि दुबे और चालक दानिश अभी भी फरार चल रहे हैं. इन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. पुलिस को आशंका है कि आरोपी प्रदेश से बाहर भी छिप सकते हैं, इसलिए अन्य राज्यों के साथ-साथ नेपाल तक में उनकी तलाश कराई जा रही है. संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और तकनीकी निगरानी के माध्यम से भी आरोपियों की लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है. 

50 हजार रुपये का किया गया इनाम

मामले की गंभीरता को देखते हुए 18 अक्टूबर को पुलिस ने मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे पर घोषित इनामी राशि बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दी थी. दिलचस्प बात यह रही कि दिन में इनामी राशि बढ़ाने का फैसला लिया गया और रात तक पुलिस महकमे में एक और बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई देखने को मिली, जिसमें डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर को पद से हटा दिया गया.

रविवार को सुल्तानगंज चौकी के बाहर मीडिया से बातचीत करते हुए विक्रांत वीर ने कहा था कि तीनों फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. उन्होंने बताया था कि आरोपियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है और तकनीकी निगरानी व मुखबिरों से मिली सूचनाओं के आधार पर उनकी तलाश की जा रही है. 

shiva sharma murder case dcp central vikrant veer Transfer



यह भी पढ़ें- शिवा शर्मा हत्याकांड: श्रद्धा दुबे पर 50 हजार का इनाम, आरोपियों की तलाश में पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Uttar Pradesh, Lucknow
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com