Prayagraj Tons River Accident: प्रयागराज के यमुनानगर जोन के मेजा थाना क्षेत्र स्थित बलुआ गांव में टोंस नदी में शनिवार 16 मई की शाम नहाने गए चार युवक-बच्चे डूब गए. हादसे में दो बच्चों और एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक युवक को सकुशल बचा लिया गया. हादसे के बाद परिवार में हड़कंप मचा हुआ है. तीनों के शवों को पुलिस ने मछुआरों की मदद से बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. बताया जा रहा है कि यह हादसा बच्चों द्वारा रील बनाने के दौरान हुआ है. पुलिस पूरी घटना की जांच कर रही है.
जानकारी के मुताबिक, दो बच्चे और दो युवक टोंस नदी में स्नान के लिए उतरे थे. इस दौरान अचानक से एक ने रील बनाना शुरू कर दिया. सभी रील में इतना खो गए कि अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे. इससे घाट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. शोर सुनकर आसपास के मछुआरे और ग्रामीण तुरंत नदी में कूद पड़े और बचाव कार्य शुरू किया. कड़ी मशक्कत के बाद मछुआरों ने पीयूष नाम के युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि तीन अन्य लोगों की डूबने से मौत हो गई. मृतकों की पहचान नैनी एडीए निवासी 12 वर्षीय सनी, 8 वर्षीय आयुष और 28 वर्षीय आदित्य के रूप में हुई है.
एक झपकी और पूरा परिवार खत्म: पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर 1KM तक घिसटती रही कार, 3 बच्चों समेत 5 की मौत
पुलिस कर रही घटना की जांच
ग्रामीणों के अनुसार, युवक मोबाइल से रील बनाने के दौरान गहरे पानी में चले गए थे, जिससे यह हादसा हुआ. सूचना मिलने पर मेजा रोड पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई, जिसके बाद वे भी मौके पर पहुंचे. यमुनानगर जोन के डीसीपी विवेक चंद्र यादव ने बताया कि इस हादसे में दो बच्चों और एक युवक का शव बरामद किया गया है, जबकि एक को बचा लिया गया है. पूरी घटना की जांच की जा रही है.
शादी के अगले ही दिन उजड़ गया दुल्हन का सुहाग, आखिर हुआ क्या? ये खबर आपको रुला देगी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं