विज्ञापन

कानपुर में ड्यूटी के दौरान सिक्योरिटी गार्ड पर गिरा 4 क्विंटल का गेट,चली गई जान; वीडियो वायरल 

इस हादसे के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है, बताया जा रहा है कि गेट कई दिनों से खराब था. हादसे का वीडियो भी सामने आया है.

एक 50 साल के गार्ड पर भारी गेट गिरने से उसकी मौत हो गई.

कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र स्थित शिवनगर डूडा कॉलोनी में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. अपार्टमेंट में सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करने वाले 50 वर्षीय विक्रम सिंह की ड्यूटी के दौरान मौत हो गई. भारी लोहे का गेट अचानक उनके ऊपर गिर पड़ा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी जान नहीं बच सकी. परिजनों के अनुसार विक्रम सिंह पिछले तीन महीनों से अपार्टमेंट में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर रहे थे. शुक्रवार की रात भी वह अपनी नियमित नाइट ड्यूटी पर तैनात थे. रात करीब 1:30 बजे एक निवासी अपनी कार लेकर अपार्टमेंट पहुंचा. विक्रम ने गेट खोलकर कार को अंदर जाने दिया.

कार के अंदर पहुंचने के बाद जब वह गेट बंद करने लगे तो गेट बीच में अटक गया. बताया जा रहा है कि गेट को सही तरह से बंद करने के लिए उन्होंने उसे धक्का दिया. इसी दौरान करीब चार क्विंटल वजनी लोहे का पूरा ढांचा अचानक भरभराकर उनके ऊपर गिर पड़ा.

गेट के नीचे दबे रहे, मदद मिलने में हुई देरी

हादसे के बाद विक्रम सिंह गेट के नीचे दब गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह काफी देर तक दर्द से तड़पते रहे. आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें निकालने की कोशिश की लेकिन तब तक उनकी हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी. समय पर राहत न मिलने के कारण उनकी जान नहीं बच सकी. इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है. करीब 1 मिनट 35 सेकंड के वीडियो में हादसे के बाद की स्थिति दिखाई दे रही है, जिसने लोगों को झकझोर दिया है.

10 दिन से खराब था गेट, परिवार ने लगाए आरोप

मृतक के बेटे दीपक सिंह का आरोप है कि अपार्टमेंट का मुख्य गेट पिछले करीब 10 दिनों से खराब था. इसकी जानकारी प्रबंधन और मालिक को दी गई थी, लेकिन मरम्मत की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. परिवार का कहना है कि यदि समय रहते गेट को ठीक करा दिया जाता तो विक्रम की जान बचाई जा सकती थी. विक्रम सिंह परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे. उनके निधन के बाद पत्नी, तीन बेटियों और एक बेटे के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है. घर में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. उधर पनकी थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है. परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों को भी जांच में शामिल किया गया है. जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें- धर्मशाला में पैराग्लाइडिंग के दौरान हादसा, बुल्गारिया के एक पायलट की मौत, दूसरा जख्मी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kanpur News, Security Guard Death, Uttar Pradesh
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com