विज्ञापन

ग्रेटर नोएडा में 600 बच्चों का भविष्य अधर में, दबंगों ने स्कूल पर जड़ दिया परमानेंट ताला

ग्रेटर नोएडा में दबंगों द्वारा निजी स्कूल का गेट वेल्डिंग कर बंद किए जाने से 600 बच्चों का भविष्य खतरे में पड़ गया है. स्कूल बंद होने के कारण बच्चों को टीसी और रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं मिल पा रहा, जिससे नए स्कूलों में दाखिला रुक गया है. मामला सूरजपुर थाना क्षेत्र का है.

ग्रेटर नोएडा में 600 बच्चों का भविष्य अधर में, दबंगों ने स्कूल पर जड़ दिया परमानेंट ताला

Greater Noida School Controversy: ग्रेटर नोएडा में दबंगई का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक निजी स्कूल को जबरन बंद कर दिया गया. स्कूल के मुख्य गेट पर ताला लगाकर उस पर वेल्डिंग कर दी गई, जिससे स्कूल पूरी तरह बंद हो गया. इस वजह से स्कूल में पढ़ने वाले करीब 600 बच्चों का भविष्य अधर में लटक गया है. बच्चों को न तो टीसी मिल पा रही है और न ही जरूरी रजिस्ट्रेशन नंबर, जिसके कारण वे कहीं और दाखिला नहीं ले पा रहे हैं.

मामला सूरजपुर थाना क्षेत्र के बिरोडी गांव में स्थित डैफोडिल पब्लिक स्कूल का है. स्कूल का संचालन ओमपाल भाटी कर रहे हैं. आरोप है कि गांव के कुछ दबंग लोगों ने स्कूल के मुख्य गेट को अंदर से बंद कर उस पर लोहे की वेल्डिंग कर दी, जिससे स्कूल स्थायी रूप से बंद हो गया.

10 साल पहले लिया था स्कूल लीज पर

स्कूल प्रबंधक ओमपाल भाटी ने बताया कि करीब 10 साल पहले उन्होंने गांव के ही रहने वाले किरणपाल से स्कूल को 10 साल के लिए लीज पर लिया था. इस दौरान उन्होंने 25 लाख रुपये भी दिए थे. मेहनत के दम पर उन्होंने स्कूल को आगे बढ़ाया और कुछ ही समय में यहां 600 से ज्यादा बच्चे पढ़ने लगे. स्कूल नर्सरी से लेकर कक्षा 8 तक संचालित होता था.

लगातार किया जा रहा था परेशान

प्रबंधक के अनुसार, स्कूल दबंगों के घर के पास ही स्थित है. आरोप है कि स्कूल शुरू होने के बाद से ही उन्हें लगातार परेशान किया जाने लगा. कभी स्कूल की पानी की टंकी बंद कर दी जाती थी, जिससे बच्चों को पीने का पानी तक नहीं मिलता था. कभी स्कूल परिसर में कुत्ते छोड़ दिए जाते थे, जिससे बच्चे डर जाते थे. यहां तक कि स्कूल की महिला शिक्षिकाओं को भी आपत्तिजनक मैसेज भेजे जाते थे, जिसकी शिकायत पुलिस से भी की गई थी.

हथियार दिखाने और कब्जे की कोशिश का आरोप

ओमपाल भाटी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दबंग लोग स्कूल में हथियार दिखाकर डराने की कोशिश करते थे. उनका कहना है कि स्कूल में बच्चों की संख्या बढ़ने और स्कूल के सफल होने से दबंग नाराज थे और इसी कारण वे स्कूल पर कब्जा करना चाहते थे. इसी साजिश के तहत 30 मार्च को छत के रास्ते अंदर घुसकर गेट को लॉक कर दिया गया और उस पर वेल्डिंग कर दी गई.

पुलिस में दर्ज हुआ मामला 

स्कूल प्रबंधन ने इस घटना की शिकायत सूरजपुर पुलिस से की. पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज किया गया, लेकिन इसके बावजूद स्कूल को अभी तक नहीं खुलवाया जा सका है. प्रबंधक का कहना है कि उनके कार्यालय में बच्चों के सभी दस्तावेज बंद पड़े हैं. स्कूल बंद होने से बच्चों के अभिभावक बेहद परेशान हैं. उनका कहना है कि टीसी और रजिस्ट्रेशन नंबर न मिलने के कारण वे अपने बच्चों का कहीं और दाखिला नहीं करा पा रहे हैं. कई अभिभावकों का कहना है कि बच्चों का पूरा सत्र बर्बाद होने का खतरा है.

मुख्यमंत्री से लगाई गुहार

ओमपाल भाटी ने मुख्यमंत्री से गुहार लगाई है कि बच्चों के भविष्य को देखते हुए जल्द से जल्द इस मामले में हस्तक्षेप किया जाए. उन्होंने मांग की है कि स्कूल को तुरंत खुलवाया जाए और दबंग प्रवृत्ति के लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए.

पुलिस का पक्ष

इस पूरे मामले पर सूरजपुर कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि 30 मार्च को पांच लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया था. सभी आरोपियों को कोर्ट से जमानत मिल चुकी है. पुलिस का कहना है कि मामला जमीन के कब्जे से जुड़ा है और दूसरा पक्ष जमीन पर अपना दावा कर रहा है. फिलहाल स्थिति शांत है, लेकिन मामला जांच में है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Greater Noida School Controversy, School Locked By Goons, Noida Education Crisis, Private School Dispute India, School Closed Due To Land Dispute, Students Future At Risk
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com