- गाजियाबाद के इंदिरापुरम में एक युवक को जिम संचालक ने गलत तरीके से स्टेरॉयड और इंजेक्शन दिए
- पीड़ित कमल कांत त्यागी ने जिम संचालक गुलजार खान पर 80 हजार रुपये लेकर गलत इलाज करने का आरोप लगाया है
- मेडिकल रिपोर्ट में पाया गया कि युवक को Avascular Necrosis नामक गंभीर बीमारी हो गई है
Ghaziabad Gym Trainer Case: अगर आप भी जिम जाने के शौकीन हैं और कम समय में बॉडी बनाने का सपना देख रहे हैं, तो यह खबर आपको सचेत करने वाली है. वर्कआउट के दौरान लिए जाने वाले सप्लीमेंट्स और स्टेरॉयड आपके शरीर के लिए घातक सिद्ध हो सकते हैं. ऐसा ही एक डराने वाला मामला गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके से सामने आया है, जहां फिटनेस ट्रेनिंग के नाम पर एक युवक को खतरनाक इंजेक्शन और स्टेरॉयड दिए गए, जिससे उसका शरीर बुरी तरह खराब हो गया है. पीड़ित युवक ने थाने में मामला दर्ज कराया है जिसमें मेडिकल जांच रिपोर्ट भी शामिल है. हालांकि अभी तक जिम संचालक का पक्ष सामने नहीं आया है.
फिटनेस के नाम पर 80 हजार की वसूली और गलत इलाज
पीड़ित कमल कांत त्यागी उर्फ विक्की त्यागी ने इंदिरापुरम स्थित 'एएसआर फिटनेस' जिम के संचालक गुलजार खान पर गंभीर आरोप लगाए हैं. कमल कांत का कहना है कि वह इस जिम में एक्सरसाइज करने जाते थे. इसी दौरान जिम संचालक ने उन्हें बेहतर फिटनेस और शानदार बॉडी बनाने का झांसा दिया. इस झांसे में फंसाकर उनसे करीब 80 हजार रुपये वसूले गए, जिसमें कुछ रकम यूपीआई के जरिए और बाकी नकद ली गई. इसके बदले उन्हें अनट्रेंड तरीके से कई दवाइयां और स्टेरॉयड के इंजेक्शन दिए गए.

Ghaziabad Gym Trainer Case: पीड़ित शख्स की मेडिकल रिपोर्ट और इंदिरापुरम पुलिस को दी गई शिकायत की कॉपी
ये भी पढ़ें: क्या फिट दिखने वाले लोग भी हो सकते हैं गंभीर बीमारी के शिकार? प्रतीक यादव के निधन ने उठाए सवाल
मेडिकल रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा: कूल्हा हुआ 'डेड'
गलत तरीके से दिए गए इन इंजेक्शनों का असर पीड़ित के शरीर पर इतना बुरा हुआ कि उनके कूल्हे का हिस्सा गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया है. पीड़ित की मेडिकल रिपोर्ट (MRI Pelvis) के अनुसार, उन्हें 'Avascular Necrosis' (AVN) नाम की गंभीर बीमारी हो गई है. रिपोर्ट से पता चलता है कि यह बीमारी Ficat Stage IV यानी चौथी अवस्था में पहुंच चुकी है, जिसका मतलब है कि उनके दाहिने कूल्हे की हड्डी को खून की सप्लाई रुकने के कारण वह अंदर से गलकर चपटी हो चुकी है. डॉक्टरों ने इसे इंजेक्शन का खतरनाक साइड इफेक्ट बताया है.
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, जांच शुरू
शरीर पर हुए इन खतरनाक साइड इफेक्ट्स के बाद पीड़ित कमल कांत त्यागी ने इंदिरापुरम थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पीड़ित का आरोप है कि जिम संचालक ने जानबूझकर उन्हें गलत दवाइयां दीं जिससे उनकी जान को खतरा पैदा हो गया है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी जिम ट्रेनर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी है. पीड़ित ने मांग की है कि ऐसे अनट्रेंड जिम ट्रेनर्स पर सख्त कार्रवाई हो जो युवाओं की सेहत के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें: Prateek Yadav Death: प्रतीक यादव की मौत से टूटे रवि किशन, बोले- जिम में होती थी घंटों बातें, इतनी कम उम्र में जाना चौंकाने वाला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं