- कानपुर के रुद्रा ग्रीन्स अपार्टमेंट में संदिग्ध परिस्थितियों में संभव खंडेलवाल छठी मंजिल से गिरकर मौत
- संभव खंडेलवाल अपनी महिला मित्र से मिलने उनके फ्लैट पर गया था जहां युवती के परिवार के सदस्य भी मौजूद थे
- घटना के बाद पुलिस ने महिला मित्र और उसके परिवार के सदस्यों से पूछताछ की तथा सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की
उत्तर प्रदेश में कानपुर के सिंहपुर स्थित रुद्रा ग्रीन्स अपार्टमेंट में शनिवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में छठी मंजिल से गिरकर कागज कारोबारी विशाल खंडेलवाल के 22 वर्षीय इकलौते बेटे संभव खंडेलवाल की मौत हो गई. युवक अपनी महिला मित्र से मिलने उनके फ्लैट पर पहुंचा था. घटना के बाद अपार्टमेंट में अफरा-तफरी मच गई. पुलिस ने महिला मित्र और उसके परिवार के सदस्यों से पूछताछ की है. साथ ही सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं.
लंबे समय से थी दोस्ती
कौशलपुरी निवासी कागज कारोबारी विशाल खंडेलवाल का बेटा संभव खंडेलवाल शनिवार शाम सिंहपुर स्थित रुद्रा ग्रीन्स अपार्टमेंट के टावर-2 के फ्लैट नंबर 6-ए में रहने वाली अपनी महिला मित्र से मिलने पहुंचा था. दोनों एक-दूसरे को लंबे समय से जानते थे. इसी वजह से संभव का युवती के घर आना-जाना था. उसके आने-जाने की जानकारी युवती के परिजनों को भी थी.
वारदात वाले दिन क्या हुआ?
संभव खंडेलवाल शनिवार को जब फ्लैट पर पहुंचा, तो उस समय युवती, उसका छोटा भाई, मामा और मामी घर पर मौजूद थे. युवती की मां बाहर गई हुई थीं. इसी दौरान अचानक संभव फ्लैट की बालकनी से नीचे गिर पड़ा. ऊंचाई से गिरने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया. आवाज सुनकर अपार्टमेंट के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी. महिला मित्र के परिजनों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
ये भी पढ़ें:- कानपुर में थार ने स्कूटी को 30 मीटर तक घसीटा, बुजुर्ग की मौके पर ही मौत, टक्कर मारकर भागी लड़कियां
पुलिस खंगाल रही CCTV फुटेज
सूचना पर बिठूर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सबूत जुटाए. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही महिला मित्र और उसके घर के अन्य सदस्यों को पूछताछ के लिए थाने ले गई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि युवक की मौत के मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक कराई जा रही है, ताकि घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके. परिजनों की ओर से अभी कोई शिकायत नहीं मिली है. शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें:- कानपुर में खूनी संघर्ष! जमीन विवाद में ताबड़तोड़ फायरिंग से दहला इलाका, गोली लगने से 4 लोग गंभीर रूप से घायल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं