कांग्रेस ने यूपी विधानसभा चुनावों में समाजवादी पार्टी से सीट बंटवारे को लेकर बड़ा बयान दिया है. यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा है कि 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी नेतृत्व की तरफ से 175-200 सीटों की सूची सपा को सौंपी जा चुकी है. हालांकि, उन्होंने साथ ही ये भी संकेत दिया कि सौहार्दपूर्ण बातचीत के जरिए सीटों का तालमेल तय हो जाएगा. गौरतलब है कि पिछले कई दिनों से सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर बयानबाजी का दौर चल रहा था.
अखिलेश बोले थे- कर रहे हैं विचार
प्रयागराज में ‘सामाजिक न्याय सम्मेलन' में गौतम ने कहा कि यह गठबंधन राज्य की सरकार को उखाड़ फेकेगी. गौरतलब है कि सपा इस बार के चुनाव के लिए जीत वाली सीटों पर ही सबसे ज्यादा दांव लगाने की तैयारी में है. पार्टी चीफ अखिलेश यादव ने भी कुछ दिन पहले रामपुर जेल में सपा नेता आजम खान से मिलने के बाद कहा था कि उनके पास सूची आई है और वो इसपर विचार कर रहे हैं.
कांग्रेस का यूपी में सियासी दांव तैयार
बता दें कि कांग्रेस के पिछड़ा वर्ग की तरफ से रविवार को आयोजित सामाजिक न्याय सम्मेलन के बहाने कांग्रेस ने सपा के पीडीए फार्मूले की तर्ज पर ही ओबीसी मतदाताओं को लुभाने की कोशिश की है. प्रयागराज जिले में कुल 12 विधानसभा सीटें है जहां के जातिगत समीकरण और प्रमुख समुदाय हर बार विधानसभा और लोकसभा चुनाव में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. शहरी सीटों में इलाहाबाद उत्तर, पश्चिम और दक्षिण सीट प्रमुख है और यहां ब्राह्मण, वैश्य, कायस्थ, मुस्लिम और कायस्थ मतदाताओं का प्रभाव रहता है. इसके अलावा ग्रामीण सीटों में फाफामऊ, सोरांव, फूलपुर, प्रतापपुर, हंडिया, मेजा, करछना, बारा, कोरांव सीट शामिल है और यहां पटेल (कुर्मी), यादव, निषाद, मौर्य और अनुसूचित जाति जिसमें दलित, पासी और कोल जाति के वोटर चुनाव परिणाम तय करने में बड़ी भूमिका निभाते है.
बघेल के निशाने पर केंद्र सरकार
सम्मेलन में छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि देश में सत्ता परिवर्तन जरूरी है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की सोच गरीबों, मजदूरों, दलितों, महिलाओं, पिछड़े वर्गों और छोटे व्यापारियों को आगे बढ़ाने के लिए समर्पित है.
यूपी कांग्रेस चीफ ने दिल्ली महारैली के लिए लोगों को बुलावा भेजा
यूपी कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा 'मोना' ने भी कहा कि अध्यक्ष पद की नई जिम्मेदारी मिलने के बाद मैं यहां आशीर्वाद लेने आई हूं. उन्होंने कहा कि एक तारीख को दिल्ली में होने वाली महारैली में उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी भागीदारी सुनिश्चित होगी. वहीं यूपी के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि कोई भी देश तभी तरक्की कर सकता है जब उसमें रहने वाले सभी वर्गों के लोग तरक्की करें. उन्होंने कहा कि कांग्रेस न तो जाति की राजनीति करती है और न ही धर्म की. पार्टी समावेशी सोच के साथ दलितों, पिछड़ों और अति-पिछड़ों को संसाधनों, शिक्षा, सरकारी नौकरियों और शासन में बराबर की भागीदारी दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं