विज्ञापन
This Article is From Sep 15, 2024

CM योगी ने भेड़ियों के आतंक से प्रभावित बहराइच का किया दौरा, अंतिम विकल्प के तौर पर गोली मारने के आदेश

योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘हमारी प्राथमिकता है कि किसी भी परिस्थिति में भेड़िए को पकड़ा जाए, लेकिन अंतिम विकल्प के तौर पर ही गोली मारने के आदेश दिए गये हैं.’’

बहराइच:

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को बहराइच के भेड़ियों के आतंक से प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया और कहा कि खूंखार भेड़िये को गोली मारने का भी अंतिम विकल्प है. सीएम ने कहा कि जब तक इलाका खतरे से मुक्त नहीं हो जाता, तब तक वन विभाग की टीम यहां तैनात रहेगी.

सीएम ने भेड़ियों के हमलों से प्रभावित महसी तहसील के सिसैया चूणामणि गांव का दौरा किया. हवाई सर्वेक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने इलाके में भेड़ियों के हमले में मारे गए लोगों, घायलों और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की.

मुख्यमंत्री ने उन्हें राहत पैकेट दिए और इलाके में जल्द ही सामान्य स्थिति की बहाली का भरोसा दिया.

योगी ने कहा, ‘‘भेड़िए को पकड़ने के लिए अभियान चलाने के निर्देश पहले ही दिए जा चुके हैं. पिछले दो महीने में इस 20 से 25 किलोमीटर क्षेत्र में आठ लोगों की मौत हुई है. पांच भेड़िए पकड़े जा चुके हैं. वहीं एक ऐसा है जो पकड़ा नहीं गया है.''

योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘हमारी प्राथमिकता है कि किसी भी परिस्थिति में भेड़िए को पकड़ा जाए, लेकिन अंतिम विकल्प के तौर पर ही गोली मारने के आदेश दिए गये हैं.''

बहराइच जिले का महसी तहसील क्षेत्र पिछले कुछ हफ्तों में भेड़ियों के हमलों से सुर्खियों में है. यहां 17 जुलाई से अब तक सात बच्चों सहित आठ लोगों की मौत हो चुकी है. हमलावर झुंड के छह में से पांच भेड़िए पकड़े जा चुके हैं.

मुख्यमंत्री ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘आमजन की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है और जब तक यह क्षेत्र भेड़ियों के खतरे से मुक्त नहीं हो जाता तब तक वन विभाग, जिला प्रशासन और पुलिस की टीम निरंतर यहां कार्य करेगी.''

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
CM Yogi Adityanath, Bahraich Bhediya Attack, Wolf Attack Bahraich
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com