विज्ञापन

बागपत MLC चुनाव में BJP जिलाध्यक्ष और CO में टकराव, कार्रवाई की मांग पर धरने पर बैठे विधायक योगेश धामा

बागपत में स्नातक एमएलसी चुनाव के मतदान के दौरान बीजेपी जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा और खेकड़ा सीओ रोहन चौरसिया के बीच विवाद हो गया. आरोप है कि सीओ ने जिलाध्यक्ष के साथ अभद्र व्यवहार किया.

बागपत MLC चुनाव में BJP जिलाध्यक्ष और CO में टकराव, कार्रवाई की मांग पर धरने पर बैठे विधायक योगेश धामा
बागपत में MLC चुनाव में BJP जिलाध्यक्ष और CO आमने-सामने
NDTV
  • उत्तर प्रदेश के बागपत में स्नातक एमएलसी चुनाव के दौरान बीजेपी जिलाध्यक्ष और खेकड़ा सीओ के बीच विवाद हुआ था
  • बीजेपी जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा ने खेकड़ा के सीओ रोहन चौरसिया पर बदसलूकी का आरोप लगाया था
  • विवाद के बाद बीजेपी विधायक योगेश धामा सहित कई नेता और कार्यकर्ता खेकड़ा ब्लॉक में धरने पर बैठ गए थे

उत्तर प्रदेश के बागपत में स्नातक एमएलसी चुनाव के मतदान के दौरान बीजेपी नेताओं और पुलिस के बीच विवाद का मामला सामने आया. बीजेपी जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा ने खेकड़ा के सीओ रोहन चौरसिया पर बदसलूकी का आरोप लगाया. मामला बढ़ने पर बीजेपी विधायक योगेश धामा, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता खेकड़ा ब्लॉक पहुंच गए और सीओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए.

क्या है पूरा मामला?

बताया जा रहा है कि मतदान के दौरान बीजेपी जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा निरीक्षण के लिए पहुंचे थे. आरोप है कि खेकड़ा सीओ रोहन चौरसिया उन्हें पहचान नहीं पाए, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हो गई. इसी को लेकर विवाद बढ़ गया और बीजेपी कार्यकर्ताओं में नाराजगी फैल गई.

घटना की जानकारी मिलते ही विधायक योगेश धामा समेत बड़ी संख्या में बीजेपी नेता और कार्यकर्ता खेकड़ा ब्लॉक पहुंच गए. यहां उन्होंने कुर्सियां लगाकर धरना शुरू कर दिया और सीओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. विरोध-प्रदर्शन के चलते कुछ समय के लिए ब्लॉक परिसर में तनाव का माहौल बन गया.

SP ने दोनों पक्षों से की बातचीत

हंगामे की सूचना मिलने पर एडिशनल एसपी बागपत मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों से बातचीत की. इसके बाद सीओ रोहन चौरसिया को भी मौके पर बुलाया गया, जहां उन्होंने पूरे घटनाक्रम को लेकर अपना पक्ष रखा. अधिकारियों की मध्यस्थता के बाद मामला शांत हो गया और धरना समाप्त कर दिया गया.

स्थानीय बीजेपी नेता देवेंद्र प्रमुख ने बताया कि मतदान समाप्त होने का समय करीब था और उसी दौरान जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा निरीक्षण पर पहुंचे थे. उन्होंने कहा कि सीओ उन्हें पहचान नहीं पाए, जिसके चलते कुछ कहासुनी हो गई. हालांकि बाद में सीओ को अपनी गलती का एहसास हुआ और उन्होंने स्थिति स्पष्ट कर दी.

देवेंद्र प्रमुख के मुताबिक, प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर बातचीत कराई और मामले का समाधान निकाला. उन्होंने कहा कि यह विवाद अनभिज्ञता के कारण पैदा हुआ था और बाद में अधिकारियों ने स्थिति को संभाल लिया. इसके बाद विधायक योगेश धामा, जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा और अन्य बीजेपी नेता वहां से लौट गए.

बीजेपी नेताओं का कहना है कि चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और पार्टी दोनों सीटों पर बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद कर रही है. वहीं प्रशासनिक अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद विवाद फिलहाल समाप्त हो गया है.

(इनपुट- विपिन कुमार)

यह भी पढ़ें | UP-Bihar MLC चुनाव का मतदान खत्म, अब किसके सिर सजेगा जीत का ताज?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
MLC Election 2026, UP MLC Election 2026, BJP, UP BJP
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com