- आजम खान की कम नहीं हो रहीं मुश्किलें
- एक दिन पहले लगा था चोरी का आरोप
- अब उनके विधायक बेटे को पुलिस ने हिरासत में लिया
समाजवादी पार्टी के सांसद आजम खान (Azam Khan) के परिवार की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. एक दिन पहले आजम खान पर किताब चोरी का इल्ज़ाम लगा और अब उनके विधायक बेटे अब्दुल्ला आजम (Abdullah Azam) को पुलिस ने जिला प्रशासन की कार्रवाई में रुकावट डालने के आरोप में बुधवार को हिरासत में लिया है. रामपुर के पुलिस अधीक्षक अजयपाल शर्मा ने बताया कि स्वार सीट से सपा विधायक अब्दुल्ला आजम को सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में हिरासत में लिया गया है.
अब आजम खान पर किताबों की चोरी का इल्जाम लगा, पुलिस का छापा; जानिए क्या है मामला
उन्होंने बताया कि जौहर विश्वविद्यालय में छापेमारी की कार्रवाई के दौरान उसके पुस्तकालय से 2500 से ज्यादा चोरी की गई दुर्लभ किताबें बरामद हुई हैं. इस बीच, पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह ने बताया कि जौहर विश्वविद्यालय में कल शुरू हुई छापेमारी की कार्रवाई आज भी जारी है. यह कार्रवाई एक शिकायत के आधार पर की जा रही है. पूर्व में मदरसा आलिया के नाम से पहचाने जाने वाले ओरिएंटल कॉलेज के प्रधानाचार्य जुबैर खान की शिकायत पर पिछली 16 जून को इस मामले में पड़ताल शुरू की गई थी.
आजम खान की बढ़ीं मुश्किलें, अब लगा लग्जरी रिसॉर्ट के लिए जमीन हड़पने का आरोप
जुबैर ने आरोप लगाया था कि उनके मदरसे से करीब 9000 किताबें चोरी करके उन्हें जौहर विश्वविद्यालय की लाइब्रेरी में रख ली हैं. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि अभी तक 50 डिब्बों में भरी 2500 दुर्लभ किताबें बरामद की जा चुकी हैं. इन सभी पदों पर मदरसा आलिया की मुहर लगी है. रामपुर से सपा सांसद आजम खां जौहर विश्वविद्यालय के संस्थापक और चांसलर है.
उधर, इस घटना के विरोध में सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल आनंदी बेन पटेल से मुलाकात की कोशिश की. बिना किसी सूचना के मुलाकात की बात करने पर उनकी सुरक्षाकर्मियों से झड़प भी हुई. उसके बाद उन्होंने राजभवन के गेट के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया. बाद में सभी प्रदर्शनकारी सपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया और बाद में रिहा कर दिया गया. सपा के विधान परिषद सदस्य आनंद भदौरिया ने कहा कि एक तरफ हमारे विधायक अब्दुल्ला आजम की गिरफ्तारी हो रही है. वहीं, पूरी सरकार उन्नाव के बलात्कारी भाजपा विधायक कुलदीप सेंगर को बचाने की कोशिश में लगी है.
VIDEO: आजम खान भू-माफिया घोषित, एक हफ्ते में ही दर्ज किए गए 13 मामले
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं