विज्ञापन

AMU में तेज हुआ आंदोलन! हिरासत में लिए गए स्टूडेंट को छोड़ने की मांग, देर रात तक प्रॉक्टर ऑफिस के बाहर हंगामा

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव की मांग पर आंदोलन 13वें दिन भी जारी रहा. पुलिस ने एक युवक आरिज को हिरासत में लिया है. इसके बाद छात्रों ने गेट बंद करके हंगामा किया.

AMU में तेज हुआ आंदोलन! हिरासत में लिए गए स्टूडेंट को छोड़ने की मांग, देर रात तक प्रॉक्टर ऑफिस के बाहर हंगामा
एएमयू कैंपस में छात्रों का आंदोलन तेज. (Photo: NDTV)
  • एएमयू में छात्रसंघ बहाली और चुनाव की मांग को लेकर आंदोलन शनिवार को 13वें दिन भी जारी रहा.
  • इस दौरान पुलिस ने एक छात्र आरिज को हिरासत में लिया है, जिसके बाद आंदोलन और तेज हो गया.
  • हिरासत में लिए गए छात्र को छोड़ने की मांग को लेकर स्टूडेंट्स प्रॉक्टर ऑफिस के बाहर जमा हुए.
अलीगढ़:

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में छात्रसंघ बहाली और चुनाव की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन शनिवार को 13वें दिन भी जारी रहा. शनिवार को आंदोलन के बीच उस वक्त स्थिति गरमा गई, जब एमएम हॉल में आपराधिक तत्वों के मौजूद होने की सूचना पर पुलिस के साथ पहुंची प्रॉक्टोरियल टीम चार युवकों को प्रॉक्टर कार्यालय ले आई. जांच के दौरान तीन युवकों के एएमयू के बोनाफाइड छात्र होने की पुष्टि हुई, जबकि चौथे युवक आरिज का नाम पुलिस रिकॉर्ड में सोमवार के घटनाक्रम से जुड़े दो मुकदमों में सामने आया. इसके बाद आरिज को पुलिस ने हिरासत में ले लिया. आरिज को छोड़े जाने की मांग को लेकर छात्र प्रॉक्टर कार्यालय पहुंच गए और हंगामा किया. चार युवकों को प्रॉक्टर कार्यालय लाए जाने के बाद पूर्व छात्रसंघ सचिव हुजैफा आमिर रशीदी भी छात्रों के प्रदर्शन में शामिल हो गए. वह देर रात तक प्रॉक्टर कार्यालय में बैठे रहे और एएमयू प्रशासन से आरिज को छोड़ने को लेकर बातचीत करते रहे.

वहीं, छात्रों ने विरोध में विश्वविद्यालय के गेट बंद कर दिए. इससे कैंपस में आंदोलन का माहौल और ज्यादा गर्म हो गया. 

प्रॉक्टर प्रो. मोहम्मद नवेद खान के मुताबिक, आरिज के एएमयू का बोनाफाइड छात्र होने का कोई दस्तावेज प्रशासन के सामने प्रस्तुत नहीं किया गया है. इसी आधार पर उसे पुलिस के सुपुर्द किया गया.

यह भी पढ़ें | डेटिंग ऐप से 26 लोगों को बनाया शिकार...7 लाख की वसूली; AMU के BBA छात्र के ब्लैकमेलिंग रैकेट का खुलासा

चंद्रशेखर आजाद ने किया छात्रों का समर्थन...

सीओ तृतीय सर्वम सिंह ने फोन पर बताया कि आरिज का नाम सोमवार के घटनाक्रम से जुड़े दोनों मुकदमों के पुलिस रिकॉर्ड में सामने आया है. पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और घटनाक्रम में शामिल अन्य लोगों की भूमिका के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है.

इससे पहले धरना स्थल पर पूर्व छात्रसंघ सचिव हुजैफा आमिर रशीदी पहुंचे और छात्रों को संबोधित करते हुए आंदोलन का समर्थन किया. उन्होंने एएमयू इंतजामिया पर भी सवाल उठाए.

इधर, आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने सोशल मीडिया के जरिए एएमयू छात्रसंघ चुनाव की मांग का समर्थन किया है. उन्होंने अनशनकारी छात्रों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने, मुख्य चुनाव अधिकारी की नियुक्ति करने और वक्त पर छात्रसंघ चुनाव कराने मांग की है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Aligarh Muslim Univeristy, AMU Protest, AMU Student Election, Students Protest, Uttar Pradesh
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com