विज्ञापन
This Article is From Aug 10, 2017

अखिलेश यादव ने कहा- पुलिस का राजनीतिक इस्तेमाल कर रही है योगी सरकार

सपा पर आरोप लगाने वाली बीजेपी की मौजूदा सरकार खुद पुलिस का राजनीतिक इस्तेमाल कर रही

अखिलेश यादव ने कहा- पुलिस का राजनीतिक इस्तेमाल कर रही है योगी सरकार
अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर पुलिस का राजनैतिक उपयोग करने का आरोप लगाया है.
  • आरोप लगाया, सपा के जिला पंचायत सदस्य व उसके परिवार का उत्पीड़न
  • बीजेपी के लोग उपचुनाव का सामना करने से डर रहे
  • बुक्कल नवाब और यशवंत सिंह को मंत्री बनाया जा रहा है
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर पुलिस के राजनीतिक इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए आज कहा कि भाजपा के लोग पुलिस की मदद से सपा कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न कर रहे हैं.

अखिलेश ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर भाजपा के अनेक नेता सपा पर प्रदेश के थाने चलाने का आरोप लगाते थे लेकिन प्रदेश की मौजूदा भाजपा सरकार खुद पुलिस का राजनीतिक इस्तेमाल कर रही है.

उन्होंने औरैया जिले का एक मामला उठाते हुए कहा कि बीजेपी वहां अपना जिला पंचायत अध्यक्ष बनवाने के लिए सपा के जिला पंचायत सदस्य कल्लू यादव और उसके परिवार का उत्पीड़न कर रही है. यादव को हत्या और बलात्कार के मुकदमे में फंसा दिया गया है. कई अन्य सदस्यों के साथ भी ऐसी ही उत्पीड़नात्मक कार्रवाई की जा रही है. वह इसकी शिकायत राज्यपाल और चुनाव आयोग से करेंगे.

यह भी पढ़ें : उत्तर प्रदेश : समाजवादी पार्टी को एक और झटका, एमएलसी अशोक वाजयेपी ने दिया इस्तीफा

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हम जानना चाहते हैं कि अब थाने कौन चला रहा है. पुलिस के माध्यम से इतनी अवैध वसूली पहले कभी नहीं हुई.’’ अखिलेश ने हाल के दिनों में सपा के चार विधान परिषद सदस्यों के इस्तीफे का जिक्र करते हुए कहा कि इससे एक बात साफ हो गई है कि बीजेपी के लोग उपचुनाव का सामना करने से डर रहे हैं, इसीलिए उन्होंने सपा के विधान परिषद सदस्यों को तोड़ लिया.

यह भी पढ़ें : अखिलेश ने साधा बीजेपी पर निशाना, बोले - गुजरात में जो किया, उसका सबक भगवान ने सिखा दिया

सपा छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए विधान परिषद सदस्यों बुक्कल नवाब और यशवंत सिंह की तरफ इशारा करते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा कि बीजेपी में जाकर वे दोनों पाक साफ हो गए हैं. नवाब को आवास विभाग का कैबिनेट मंत्री बनाया जा रहा है, जबकि दूसरे को राजस्व एवं परिवहन मंत्री बनाने की तैयारी है.

हाल में विधानसभा में संदिग्ध पाउडर मिलने के बारे में अखिलेश ने आरोप लगाया कि पूर्व विधायकों को विधानभवन में आने से रोकने के लिए उस पाउडर को खतरनाक विस्फोटक पीईटीएन बता दिया गया, जबकि वह केवल फर्नीचर का पॉलिश चमकाने में इस्तेमाल होने वाला पाउडर था.

VIDEO : जनता को धोखा देने का आरोप


समाजवादी लोहिया ट्रस्ट से अपने चार करीबी सदस्यों को हटाए जाने के सवाल पर अखिलेश ने कहा, ‘‘इससे हमें कोई फर्क नहीं पड़ता. हम पर औरंगजेब होने का आरोप भी लगाता रहा है. सावधान रहें मुझसे.’’
(इनपुट एजेंसियों से)

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com