- विदेशों में रह रहे भारतीय नागरिक भी मतदाता सूची में नाम दर्ज करा सकते हैं.
- फॉर्म-6ए भरकर प्रवासी भारतीय निर्वाचक के रूप में पंजीकरण कराना होगा.
- प्रवासी भारतीय नागरिक ऑनलाइन, ऑफलाइन या डाक आवेदन कर सकते हैं.
विदेशों में रह रहे भारतीय नागरिक भी लोकतांत्रित प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं और मतदाता सूची में नाम दर्ज करवा सकते हैं. प्रवासी भारतीय अपना नाम उत्तर प्रदेश की मतदाता सूची में दर्ज कराकर विधानसभा चुनावों में मतदान कर सकते हैं. इसके लिए उन्हें फॉर्म-6ए (Form 6A) भरकर प्रवासी भारतीय निर्वाचक के रूप में रजिस्ट्रेशन कराना होगा. हालांकि इसके लिए कुछ शर्तें भी रखी गई है.
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा के अनुसार, इस सुविधा का लाभ वही प्रवासी भारतीय उठा सकते हैं जो भारत के नागरिक हों और जिन्होंने किसी अन्य देश की नागरिकता ग्रहण न की हो. आवेदक की आयु 1 जनवरी, 2027 तक कम से कम 18 वर्ष पूरी होनी चाहिए. प्रवासी भारतीय का नाम उसी विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में दर्ज किया जाएगा, जहां का पता उनके भारतीय पासपोर्ट में दिया गया है.
ऑनलाइन, ऑफलाइन या डाक से कर सकते हैं आवेदन
प्रवासी भारतीय निर्वाचक के रूप में रजिस्ट्रेशन के लिए निर्वाचन आयोग ने कई विकल्प उपलब्ध कराए हैं आवेदक चुनाव आयोग के आधिकारिक पोर्टल (voters.eci.gov.in) या ईसीआईनेट मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. ऑनलाइन आवेदन करते समय पासपोर्ट आकार की रंगीन फोटो और भारतीय पासपोर्ट की सेल्फ अटेस्टेड कॉपी अपलोड करनी होंगी.
वहीं जो लोग ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन कराना चाहते हैं, उन्हें संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) कार्यालय में फॉर्म-6ए और पासपोर्ट की कॉपी जमा कराना होगा. इसके साथ ही मूल पासपोर्ट भी वेरिफिकेशन के लिए दिखाना होगा. इसके अलावा डाक के जरिए आवेदन भेजने की भी व्यवस्था है, जिसके तहत पासपोर्ट आकार की फोटो और भारतीय पासपोर्ट की सेल्फ अटेस्टेड कॉपी भेजनी होंगी.
गलत जानकारी देने पर होगी कानूनी कार्रवाई
निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान यह भी देखा गया कि कई मामलों में विदेश में रहने वाले नागरिकों के नाम उनके परिजनों द्वारा गणना प्रपत्र भर दिए जाने के कारण सामान्य मतदाताओं के रूप में दर्ज हो गए. ऐसे लोगों को सलाह दी गई है कि वे अपना मौजूदा मतदाता फोटो पहचान पत्र (EPIC) सरेंडर करें और दावे और आपत्तियों की निर्धारित अवधि 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक के दौरान प्रवासी मतदाता के रूप में रजिस्ट्रेशन के लिए आवेदन करें.
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि प्रवासी मतदाताओं को अलग से मतदाता पहचान पत्र जारी नहीं किया जाता है, बल्कि मतदान के दिन बूथ पर उन्हें अपना मूल भारतीय पासपोर्ट दिखाना अनिवार्य होता है. उन्होंने यह भी चेताया कि पंजीकरण के दौरान गलत जानकारी देने पर लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 31 के तहत कानूनी कार्रवाई हो सकती है.
यह भी पढ़ें | यूपी चुनाव से पहले घर बैठे मतदाता सूची में चेक करे अपना नाम, गाजियाबाद डीएम ने जारी किए ये नंबर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं