विज्ञापन

सेकेंड हैंड मोबाइल खरीदने वाले हैं? पहले कर लें KYM वेरिफिकेशन, पता चल जाएगा फोन सही है या नहीं

अगर आप सेकेंड हैंड मोबाइल खरीदने का प्लान बना रहे हैं, तो ये खबर आपके लिए जरूरी हो सकती है. आइए जानते हैं आप कैसे पता कर सकते हैं कि कोई भी फोन आपके लिए सही है या नहीं, या क्या वह फोन चोरी का तो नहीं है.

सेकेंड हैंड मोबाइल खरीदने वाले हैं? पहले कर लें KYM वेरिफिकेशन, पता चल जाएगा फोन सही है या नहीं
सेकेंड हैंड मोबाइल खरीदने से पहले जरूर करें यह काम

आजकल सेकेंड हैंड या पुराना मोबाइल खरीदने का चलन तेजी से बढ़ रहा है. कम कीमत में अच्छा स्मार्टफोन मिल जाए, इसलिए कई लोग पुराने फोन खरीदना पसंद करते हैं. लेकिन बिना जांच किए मोबाइल खरीदना भारी पड़ सकता है. कई बार फोन चोरी का निकलता है, ब्लॉक होता है या फिर किसी ने उसे क्लोन कर रखा होता है. ऐसे मामलों में खरीदार को पैसे का नुकसान तो होता ही है, साथ ही कानूनी परेशानियों का भी सामना करना पड़ सकता है.

ऐसे जोखिमों से बचने के लिए मोबाइल खरीदने से पहले उसकी जांच करना बहुत जरूरी है. यही काम आसान बनाने के लिए दूरसंचार विभाग (DoT) ने 'Know Your Mobile (KYM)' सेवा शुरू की है. यह सेवा किसी भी मोबाइल फोन की असली स्थिति जानने में मदद करती है.

KYM क्या है और यह क्यों जरूरी है?

KYM यानी 'Know Your Mobile' एक ऐसी सुविधा है, जिसके जरिए किसी भी मोबाइल फोन की पूरी जानकारी पता की जा सकती है. इसकी मदद से पता लगाया जा सकता है कि फोन असली है या नहीं, कहीं वह क्लोन तो नहीं किया गया है और क्या उसे चोरी या गुम होने की रिपोर्ट में दर्ज तो नहीं किया गया है. अगर कोई फोन ब्लैकलिस्टेड या ब्लॉक है, तो उसकी जानकारी भी KYM के जरिए मिल जाती है. ऐसे में सेकेंड हैंड मोबाइल खरीदने से पहले इसका इस्तेमाल करना बेहद फायदेमंद हो सकता है.

मोबाइल का IMEI नंबर कैसे पता करें?

किसी भी मोबाइल की जांच के लिए सबसे जरूरी होता है उसका IMEI नंबर. यह हर मोबाइल का यूनिक पहचान नंबर होता है. IMEI नंबर जानने के लिए फोन से *#06# डायल करें. इतना करते ही आपकी स्क्रीन पर IMEI नंबर दिखाई देने लगेगा. इसी नंबर की मदद से मोबाइल की जांच की जाती है.

KYM से मोबाइल की जांच कैसे करें?

मोबाइल की स्थिति जानने के लिए तीन आसान तरीके हैं.

नंबर 1- SMS के जरिए

अपने मोबाइल में KYM स्पेस IMEI नंबर टाइप करें और इसे 14422 पर भेज दें. कुछ ही समय में आपको SMS के जरिए मोबाइल की सारी जानकारी मिल जाएगी.

नंबर 2- KYM ऐप का इस्तेमाल करें

Google Play Store या Apple App Store से KYM- Know Your Mobile ऐप डाउनलोड करें. ऐप में IMEI नंबर डालकर या मोबाइल बॉक्स पर मौजूद बारकोड स्कैन करके जानकारी प्राप्त की जा सकती है.

नंबर 3- CEIR पोर्टल से पता करें

मोबाइल की स्थिति ऑनलाइन भी देखी जा सकती है. इसके लिए CEIR पोर्टल पर जाकर IMEI Verification सेक्शन में IMEI नंबर दर्ज करें. इसके बाद फोन की पूरी स्थिति स्क्रीन पर दिखाई दे जाएगी.

कौन-सा फोन नहीं खरीदना चाहिए?

अगर जांच के दौरान मोबाइल की स्थिति 'Blacklisted' या 'Blocked' दिखाई दे, तो ऐसा फोन बिल्कुल नहीं खरीदना चाहिए. ऐसे फोन चोरी, गुमशुदगी या किसी अन्य संदिग्ध मामले से जुड़े हो सकते हैं.

ऐसे में अगर आप पुराना मोबाइल खरीदने जा रहे हैं, तो सिर्फ उसकी कीमत और लुक देखकर फैसला न करें. खरीदारी से पहले IMEI नंबर की जांच जरूर करें. केवल दो मिनट की यह प्रक्रिया आपको साइबर धोखाधड़ी, पैसों के नुकसान और भविष्य की कानूनी परेशानियों से बचा सकती है.

यह भी पढ़ें- BH सीरीज की नंबर प्लेट क्या होती है, किसे मिलती है और इसके क्या फायदे हैं? आसान शब्दों में समझें पूरी बात

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com