Delhi Double Decker Skywalk: दिल्ली मेट्रो के यात्रियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है. अगर आप रेड लाइन से मजेंटा लाइन बदलने के लिए मधुबन चौक के भारी ट्रैफिक और ई-रिक्शा के चक्करों से परेशान होते थे, तो आपको बस कुछ महीनों का इंतजार और करना पड़ेगा. दिल्ली को अपना पहला डबल-डेकर स्काईवॉक मिलने जा रहा है, जो आपके सफर का अंदाज बदल देगा. आइए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं...
यह भी पढ़ें: दिव्यांगजनों के लिए रेलवे का बड़ा तोहफा! अब UDID कार्ड से मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों में आसानी से कर सकेंगे सफर, जान लें नया नियम
क्या खास है इस डबल-डेकर स्काईवॉक में?
यह सिर्फ एक फुट ओवर ब्रिज नहीं है, बल्कि दो मंजिला इंजीनियरिंग का कमाल है:
ऊपरी डेक: यह सीधे रेड लाइन और मजेंटा लाइन के प्लेटफॉर्म्स को जोड़ेगा. यानी आपको मेट्रो से उतरकर एग्जिट करने या दोबारा टोकन लेने की जरूरत नहीं होगी. बस ऊपर चलिए और लाइन बदल लीजिए.
निचला डेक: यह उन लोगों के लिए है जो मेट्रो स्टेशन से सीधे रोहिणी कोर्ट जाना चाहते हैं. यह डेक सड़क के ट्रैफिक को छुए बिना आपको सीधा कोर्ट परिसर के पास पहुंचा देगा.

सफर में आएंगे ये 4 बड़े बदलाव:
नो ट्रैफिक, नो रिस्क: मधुबन चौक के बिजी चौराहे को पैदल पार करने का जोखिम खत्म होगा.
समय की भारी बचत: 300 मीटर का जो रास्ता लोग पैदल या ई-रिक्शा से तय करते थे, अब वो चंद मिनटों का वॉक होगा.
स्मार्ट सुविधाएं: बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए लिफ्ट, एस्केलेटर और रैंप की सुविधा के साथ यह पूरी तरह से आधुनिक होगा.
रोहिणी कोर्ट से सीधा जुड़ाव: वकीलों और मुवक्किलों के लिए मेट्रो से उतरकर कोर्ट तक पहुंचना अब एकदम 'डोर-स्टेप' जैसा होगा.
प्रोजेक्ट की जानकारी
- अनुमानित लागत- लगभग 5 करोड़ रुपये
- काम पूरा होने का लक्ष्य- सितंबर 2026
- ऊपरी डेक की लंबाई- 182.7 मीटर (पेड एरिया कनेक्टिविटी के लिए)
- निचला डेक की लंबाई- 173.2 मीटर (रोहिणी कोर्ट और नॉन-पेड एरिया के लिए)
- साझेदारी- DMRC और PWD का संयुक्त प्रयास
हाल ही में शुरू हुई मजेंटा लाइन (दीपाली चौक से मजलिस पार्क) के बाद मधुबन चौक अब एक बड़ा इंटरचेंज हब बन गया है. इस स्काईवॉक के बनते ही यह रेड, येलो और पिंक लाइन के बीच एक मजबूत कड़ी का काम करेगा.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं