गोविंदा की बहू और एक्ट्रेस कश्मीरा शाह का लेटेस्ट पोस्ट चर्चा में है. जैसा कि सभी जानते हैं सुनीता आहूजा और गोविंदा की मैरिड लाइफ विवादों में हैं क्योंकि सुपरस्टार का नाम एक्ट्रेस कोमल रानी स्वर्णकार के साथ जोड़ा जा रहा है. इसी बीच सुनीता आहूजा ने मंदिर का एक वीडियो पोस्ट शेयर कर बताया कि उनका घर टूट रहा है, जिसके बाद कोमल रानी का पोस्ट सामने आया और उन्होंने सुनीता आहूजा पर गोविंदा को सालों से मारने की कोशिश का आरोप लगाया. लेकिन अब सुनीता आहूजा के सपोर्ट में उनकी बहू और एक्ट्रेस कश्मीरा शाह खड़ी हुई हैं. उन्होंने एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने अपने दिल की बात रखी.
कोमल रानी पर कश्मीरा शाह का पलटवार
कश्मीरा शाह ने इंस्टाग्राम पर अपनी फोटो शेयर करते हुए लिखा, अपने करियर की शुरुआत से लेकर अब तक, 30 साल और 50 फिल्मों में काम करने के बावजूद, मेरे किसी भी को-स्टार को मेरी पर्सनल जिंदगी या भावनाओं के बारे में कुछ भी पता नहीं था. मैंने सिर्फ एक ही व्यक्ति को सब कुछ बताया और वह हैं मेरे पति कृष्णा. मैंने काम की जगह पर कभी ऐसे रिश्ते के बारे में नहीं सुना जहां कोई सहकर्मी इतनी निजी बातें जानता हो. मैं जानती हूं कि मैं एक मजबूत महिला हूं और मैंने मजबूत महिलाओं वाले परिवार में शादी की है.
आगे उन्होंने लिखा, अक्सर हमें बदतमीज़, घमंडी, हावी होने वाली, फोकस्ड या मतलबी कहा जाता है. सिर्फ इसलिए क्योंकि हम अपने परिवार का ध्यान रखती हैं, लेकिन यह पहली बार है जब हमें "कातिल" कहा जा रहा है. तो अगर हर मां, पत्नी, बहन, बुआ/मौसी और उनके कुत्तों को उस "एक आदमी" की रक्षा करने के लिए कातिल कहा जाता है, जिसे वे प्यार करती हैं - चाहे वह पिता हो, पति हो, भाई हो या कुत्ता - तो ठीक है. मुझे गर्व है कि आप ऐसी महिला हैं सूनीता आहूजा और मैं हमेशा आपके साथ खड़ी रहूंगी.
कोमल रानी ने क्या कहा था-
इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, "जो औरत अपने ही पति को वर्षों से जान से मारने की कोशिश कर रही हो, ऐसी औरतों की बद्दुआएं किसी को नहीं लगतीं. जो घर पहले से ही टूटा हुआ हो, उसमें कोई घर तोड़ने वाला नहीं हो सकता. हमारे देश के लोग इतने बेवकूफ नहीं हैं कि सिर्फ इसलिए कौए के पीछे भागने लगें क्योंकि किसी ने कह दिया कि कौआ कान ले गया. मुझे समझ नहीं आ रहा कि एक महिला किस तरह के दर्द से गुजर रही है, जहां वह ठीक करने की बजाय वह इसे पब्लिक में दिखाने में मजा ले रही है. क्या यह सच में दर्द है या फिर यह एक सोची-समझी साजिश है?"
उन्होंने आगे लिखा, "एक आदमी को लगातार मेंटली परेशान करना, उसे काम करने से रोकना, घर पर बैठने और बर्बाद होने के लिए मजबूर करना, पूरी तरह से अकेला करना और मौत के मुंह तक पहुंचाना कहां तक सही है. मुझे नहीं लगता है कि कोई भी अच्छी और समर्पित पत्नी अपने पति के साथ इतना बुरा बर्ताव कर सकती है. क्या ऐसी औरतें दिमागी तौर पर बीमार होती हैं या वे बस अपने भले के लिए बहुत चालाक होती हैं, उन्हें पूरी तरह पता होता है कि जो काम वे दरवाजे के पीछे नहीं कर सकतीं, वे पब्लिक में जाकर और लोगों की हमदर्दी पाकर कर सकती हैं. भगवान हर अच्छे आदमी को ऐसी चालाक औरतों से बचाए."
सुनीता आहूजा ने क्या कहा था
कोमल रानी स्वर्णकार का यह पोस्ट सुनीता आहूजा के हाल ही दक्षिणेश्वर काली मंदिर जाने के बाद आया है. दरअसल, सुनीता आहूजा शुक्रवार को कोलकाता के पास दक्षिणेश्वर काली मंदिर गई थीं, जहां उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा था, "जितने भी जेन जी बच्चे, औरतें, मुझे सपोर्ट कीजिए। जो मेरे साथ हो रहा है, वह अच्छा नहीं हो रहा है. मेरा घर बिना किसी वजह के टूट रहा है."
जो लोग नहीं जानते उन्हें बता दें कि कश्मीरा शाह, गोविंदा के भांजे कृष्णा अभिषेक की पत्नी हैं. इस रिश्ते से वह गोविंदा की बहू लगती हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं