सलमान खान के पॉपुलर रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20' का इंतजार अब खत्म होने वाला है. शो का ग्रैंड प्रीमियर 6 सितंबर को होने जा रहा है और इससे पहले इसके नए घर की झलक सामने आ गई है. इस बार बिग बॉस का घर पिछले सीजन से काफी अलग और अनोखे अंदाज में तैयार किया गया है. घर को देखकर ऐसा लगता है जैसे दर्शक किसी सपनों की दुनिया में पहुंच गए हों. घर की थीम में रंगों के साथ अजीबोगरीब और बड़े आकार के डिजाइन देखने को मिल रहे हैं. खास बात यह है कि इस बार घर में रूम नंबर-20 भी बनाया गया है, जिसका राज अभी पूरी तरह सामने नहीं आया है.
घर में दिखेगी ‘Alice in Wonderland' जैसी दुनिया
‘बिग बॉस 20' के घर की डिजाइन में कल्पना और वास्तविकता का अनोखा मेल देखने को मिल रहा है. घर में एक विशाल टी-पॉट नजर आ रहा है, जिसे सोफे की तरह डिजाइन किया गया है. वहीं एक बड़ा ऑक्टोपस शतरंज की गोटियों के साथ नजर आता है. इसके अलावा हॉट-एयर बैलून को बैठने की जगह का रूप दिया गया है. घर के अलग-अलग हिस्सों में बिग बॉस की पहचान बन चुकी ‘आंख' का इस्तेमाल भी किया गया है. डिजाइनर के मुताबिक, कोशिश यही रही कि चीजें पहली नजर में जानी-पहचानी लगें, लेकिन गौर से देखने पर उनमें कुछ नया नजर आए.
रूम नंबर-20 में छिपा है बड़ा राज
इस सीजन का सबसे बड़ा आकर्षण रूम नंबर-20 बताया जा रहा है. इसकी मौजूदगी ने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है. हालांकि अभी यह साफ नहीं किया गया है कि इस कमरे का इस्तेमाल किस तरह होगा. इसके अलावा रिपोर्ट्स में एक और खास जगह ‘Room 2X' का भी जिक्र है. ऐसे में माना जा रहा है कि शो में घर से जुड़े कई सरप्राइज देखने को मिल सकते हैं.
जंगल नहीं, इस बार सपनों की दुनिया में होंगे कंटेस्टेंट
पिछले दिनों सामने आई जानकारी में घर को जंगल और जानवरों वाली थीम से जोड़ा गया था. लेकिन अब सामने आई तस्वीरों और डिजाइन में रंग-बिरंगे और फैंटेसी एलिमेंट्स ज्यादा नजर आ रहे हैं. घर के अलग-अलग हिस्सों में बड़े पेड़, जानवरों और अजीबोगरीब आकृतियों का इस्तेमाल किया गया है. इस बार घर को डिजाइन करने की जिम्मेदारी वर्षा जैन ने संभाली है, जिन्होंने पहले के डिजाइन से अलग अपनी कल्पना को जगह दी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं