- Apple Watch ने गिरते ही अपने आप बुला ली मदद
- Fall Detection फीचर ने बचाई शख्स की जान
- एक मिनट तक हरकत नहीं होने पर खुद करती है Emergency Call
Apple Watch के हेल्थ और सेफ्टी फीचर्स ने एक बार फिर एक शख्स की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई है. अमेरिका के ओहियो में रहने वाले एक व्यक्ति ने दावा किया है कि अगर उसकी कलाई पर Apple Watch नहीं होती, तो शायद वह आज जिंदा नहीं होता. गिरने के बाद जब वह खुद मदद नहीं मांग सका, तब Apple Watch ने अपने आप इमरजेंसी सर्विस को कॉल कर दी. समय पर पहुंची मेडिकल टीम ने उसकी जान बचा ली.
क्या हुआ था?
स्थानीय मीडिया (Local12) रिपोर्ट के मुताबिक, ओहियो निवासी मोहम्मद इस्लाम ने उस दिन तबीयत खराब होने की वजह से ऑफिस से छुट्टी ली थी. उन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही थी, कान के पास दर्द था और चलने में भी परेशानी महसूस हो रही थी. घर पर वह अकेले थे. जब वह घर के बाहर कूड़ा फेंकने गए, तभी अचानक गिर पड़े. उन्हें यह भी याद नहीं कि वह कितनी देर तक जमीन पर पड़े रहे.
उन्होंने बताया कि अचानक उनकी आंख खुली तो वह जमीन पर पड़े थे और पूरे शरीर से पसीना निकल रहा था. उन्होंने उठने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हुए. पास में रखी एक कुर्सी का सहारा लेकर वह किसी तरह बैठ पाए. तभी उन्हें एंबुलेंस के सायरन की आवाज सुनाई दी.
Apple Watch ने अपने आप किया Emergency Call
Mohammad Islam को बाद में पता चला कि उनकी Apple Watch ने गिरने का पता लगाते ही अपने आप इमरजेंसी सर्विस को कॉल कर दिया था. उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां University of Cincinnati के डॉक्टरों ने जांच में पाया कि उनके फेफड़ों में खून के थक्के (Blood Clots) बन गए थे.
उन्होंने कहा कि आज भी उन्हें समझ नहीं आ रहा कि आखिर उनके साथ क्या हुआ और वह कैसे बच गए. उनके मुताबिक Apple Watch की ओर से समय पर की गई Emergency Call की वजह से पैरामेडिक्स जल्दी पहुंच सके और उनकी जान बच गई.
Apple Watch का Fall Detection फीचर ऐसे करता है काम
Apple का Fall Detection फीचर Apple Watch SE और उसके बाद के मॉडल, Apple Watch Series 4 और उसके बाद के मॉडल तथा Apple Watch Ultra में उपलब्ध है. जब Apple Watch किसी जोरदार गिरावट का पता लगाती है, तो वह यूजर की कलाई पर वाइब्रेट करती है, अलार्म बजाती है और स्क्रीन पर पूछती है कि क्या सब ठीक है.
अगर यूजर हिल-डुल रहा होता है, तो वॉच उसके जवाब का इंतजार करती है और अपने आप इमरजेंसी कॉल नहीं करती. लेकिन अगर वॉच को करीब एक मिनट तक कोई गतिविधि नहीं मिलती, तो वह 30 सेकंड का काउंटडाउन शुरू करती है. इस दौरान अलार्म की आवाज लगातार तेज होती जाती है और कलाई पर वाइब्रेशन भी होता रहता है.
अगर इसके बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलती, तो Apple Watch अपने आप इमरजेंसी सर्विस को कॉल करती है. साथ ही यूजर की लोकेशन शेयर करती है और इमरजेंसी कॉन्टैक्ट्स को भी मैसेज भेज देती है कि व्यक्ति के गिरने का पता चला है.
किन लोगों के लिए यह फीचर अपने आप चालू रहता है?
Apple के मुताबिक 55 साल या उससे अधिक उम्र के यूजर्स के लिए Fall Detection फीचर डिफॉल्ट रूप से चालू रहता है. वहीं 18 से 54 साल की उम्र के यूजर्स इसे अपने iPhone के Watch App में जाकर Emergency SOS सेटिंग्स के जरिए मैन्युअली ऑन कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें: WhatsApp में आ गए कई नए फीचर्स, बिना मोबाइल भी कर सकेंगे Audio-Video Call, यूजर्स की मौज!
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं