विज्ञापन
This Article is From Nov 06, 2015

विजेंदर के दूसरे प्रोफेशनल मुकाबले के दौरान हॉलीवुड एग्जिक्यूटिव भी रहेंगे मौजूद

विजेंदर के दूसरे प्रोफेशनल मुकाबले के दौरान हॉलीवुड एग्जिक्यूटिव भी रहेंगे मौजूद
विजेंदर सिंह (फाइल फोटो)
डबलिन: प्रोफेशनल करियर की शानदार शुरुआत करने वाले भारतीय बॉक्सर विजेंदर सिंह शनिवार को अपने दूसरे मुकाबले में डीन गिलेन का सामना करेंगे। इस दौरान बॉक्सिंग प्रेमियों के अलावा हॉलीवुड एग्जिक्यूटिव भी मौजूद रहेंगे, जो फिल्म स्टार के रूप में उनकी संभावना को परखेंगे।

नॉकआउट से जीता था पहला मुकाबला
पिछले महीने अपने पदार्पण मुकाबले में सोनी वाइटिंग के खिलाफ तकनीकी नॉकआउट के जरिये जीत दर्ज करने वाले विजेंदर चार दौर के मुकाबले में ब्रिटिश दमकलकर्मी मुक्केबाज गिलेन से भिड़ेंगे।

हरियाणा के 30 साल के विजेंदर के लिए फिल्म जगत कोई नयी चीज नहीं है। वह बॉलीवुड फिल्म ‘फगली’ में काम कर चुके हैं और रियलिटी टीवी शो 'एमटीवी हीरो रोडीज एक्स2' में भी नजर आए थे।

देखने को उत्सुक
विजेंदर के प्रमोटर आईओएस द्वारा जारी बयान में एक अधिकारी ने नाम जाहिर नहीं करते हुए कहा, ‘‘मैं विजेंदर और उनकी क्षमता को लेकर रोमांचित हूं और शनिवार रात को उन्हें करीब से देखने को उत्सुक हैं और उसके बाद आगे के बारे में सोचेंगे। मैंने सिर्फ उनका पहला मुकाबला देखा है और बॉक्सिंग प्रशंसक होने के कारण यह कुछ विशेष था और मेरे कुछ करीबी साथियों ने भी इसका जिक्र किया है।’’

'अब इंतजार नहीं कर सकता'
विजेंदर अपने भारतीय प्रमोटर नीरव तोमर और ट्रेनर ली बियर्ड के साथ गुरुवार को यहां पहुंच चुके हैं। विजेंदर ने कहा, ‘‘डबलिन में मैं काफी अच्छा महसूस कर रहा हूं और मैं शनिवार रात का इंतजार नहीं कर सकता।’’

उन्होंने कहा, ‘‘लंदन ओलंपिक 2012 से पहले मैं एक बार यहां आया था और आयरलैंड की एमैच्योर टीम के साथ ट्रेनिंग की थी और उस समय काफी अच्छा समय यहां बिताया था। यहां वापस आना शानदार है।’’

अपने अगले विरोधी बॉक्सर के संदर्भ में विजेंदर ने कहा, ‘‘मैं देखूंगा कि गिलेन रिंग में कैसी चुनौती देते हैं। वह एक और चुनौती हैं, इसलिए मैं अपने खेल में सुधार करके और अच्छा प्रदर्शन करूंगा।’’

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
विजेंदर सिंह, प्रोफेशनल बॉक्सिंग, डीन गिलेन, Vijender Singh, Professional Boxing, Dean Gillen
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com