विज्ञापन

जयपुर की सड़कों पर करणी सेना का बवाल, पुलिस ने लाठीचार्ज किया; महिपाल मकराना बोले- दिल्ली की ओर कूच करेंगे

जब पुलिस ने समझाइश कर रैली को नियंत्रित करना चाहा तो करणी सेना के कार्यकर्ताओं के साथ टकराव की स्थिति बन गई. इसके बाद रैली कलेक्ट्रेट सर्किल पहुंची.

जयपुर में करणी सेना का विरोध प्रदर्शन.

यूजीसी के नए नियमों को वापस लेने और सवर्ण समाज की विभिन्न मांगों को लेकर श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना ने जयपुर में रैली निकाली. रावण गेट से कलेक्ट्रेट सर्किल तक रैली के दौरान कई जगह प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया. श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे. इसके बाद रैली कलेक्ट्रेट सर्किल के लिए रवाना हुई. आयोजकों ने दावा किया कि रैली में कई राज्यों से लोग शामिल होने पहुंचे.

चौमूं पुलिया पर पुलिस-कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की

पुलिस ने कालवाड़ पुलिया पर बैरिकेड्स लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की, लेकिन कार्यकर्ता बैरिकेड्स हटाकर आगे बढ़ गए. इसके बाद चौमूं पुलिया पर भी पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई. इस दौरान डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण के साथ भी धक्का-मुक्की की स्थिति बनी.

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन चलाई. इस दौरान कुछ लोगों ने वाटर कैनन की गाड़ी में घुसने की कोशिश भी की. रैली के बीच एक एंबुलेंस भी फंस गई, हालांकि प्रदर्शनकारियों ने रास्ता देकर उसे आगे निकाला. बारिश के बीच प्रदर्शनकारी कलेक्ट्रेट सर्किल पहुंच गए. करणी सेना के प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा और केंद्र सरकार से यूजीसी के नियमों को वापस लेने की मांग की.

पुलिस के साथ टकराव की भी बनी स्थिति

प्रदर्शन के दौरान पुलिस अधिकारियों ने दो-तीन बार कार्यकर्ताओं को समझाइश कर रैली को नियंत्रित करने की कोशिश की. एक बार टकराव की स्थिति भी बनी, लेकिन इसके बाद रैली कलेक्ट्रेट सर्किल पहुंच गई. करणी सेना के अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना ने कहा कि केंद्र सरकार उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं करती है तो जयपुर के बाद दिल्ली में इससे भी बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा.

लंबे जाम से परेशान लोग

वहीं, शहर के कई इलाकों में यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई. पिछले कुछ घंटों से सड़कों पर जाम की स्थिति बनी हुई है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. झोटवाड़ा, सिंधी कैंप, हसनपुरा पुलिया और रेलवे स्टेशन के आगे वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं. खराब यातायात प्रबंधन के चलते लोगों को घंटों तक इंतजार करना पड़ रहा है.

यह भी पढ़ेंः राजस्थान के निकाय चुनाव में महाराष्ट्र की पार्टी की भी होगी एंट्री, बताया- क्या होगी इलेक्शन की रणनीति

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Karni Sena Rally, Jaipur News, UGC Act, Rajasthan News, Mahipal Makrana
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com