विज्ञापन

"भूत तुम्हारे साथ संबंध बनाना चाहता है", महिला को झांसा देकर तांत्रिक ने हरिद्वार-उज्जैन में किया बलात्कार

पीड़िता ने शिकायत दी कि तांत्रिक ने लाखों रुपये की ठगी भी की. पुलिस ने दुष्कर्म और ठगी के आरोप में ढोंगी को गिरफ्तार कर लिया है.

"भूत तुम्हारे साथ संबंध बनाना चाहता है", महिला को झांसा देकर तांत्रिक ने हरिद्वार-उज्जैन में किया बलात्कार
प्रतीकात्मक तस्वीर (AI)

तंत्र-मंत्र, अंधविश्वास और भूत-प्रेत के डर का फायदा उठाकर महिला से दुष्कर्म का मामला सामने आया है. आरोपी ने खुद को तांत्रिक बताकर तंत्र-पूजा के नाम पर महिला से लाखों रुपये की ठगी भी की. ढोंगी की करतूत उजागर होने के बाद राजस्थान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी सुखवीर उर्फ छोटे उर्फ सुरेन्द्र नसीरपुर (फिरोजाबाद, यूपी) का रहने वाला बताया जा रहा है. आरोपी सुखवीर ने शातिराना तरीके से वारदात को अंजाम दिया. पहले खुद को तांत्रिक बताया और फिर महिला को भूत-प्रेत का झांसा देता रहा. पीड़िता की शिकायत के बाद दौसा जिले की मेहंदीपुर बालाजी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है. आरोपी से पूछताछ में कई अन्य मामलों के सामने की भी संभावना है. 

बदनामी के डर से चुप रही महिला

सुखवीर ने महिला को बताया कि उस पर प्रेत-बाधा है और वह भूत उससे शारीरिक संबंध बनाना चाहता है. इसी डर और भ्रम का फायदा उठाकर वह उसे विशेष पूजा और समस्या समाधान के नाम पर हरिद्वार, मेहंदीपुर बालाजी और उज्जैन जैसे धार्मिक स्थलों पर ले जाता रहा. वहां होटल और धर्मशालाओं में कमरे बुक किए और पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया. यह सिलसिला काफी वक्त तक चलता रहा और महिला बदनामी के डर से सहती रही.  

2 महीने तक ठिकाने-मोबाइल नंबर बदलता रहा आरोपी

सुखबीर गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने मोबाइल नंबर बदल रहा था और ठिकाना भी बदल रहा था. आईजी पुलिस जयपुर रेंज आईपीएस राहुल प्रकाश, एसपी दौसा सागर राणा और एएसपी योगेंद्र फौजदार के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई. मानपुर डिप्टी एसपी धर्मराज चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी निगरानी और इनपुट खंगाले. इन तमाम रिपोर्ट्स के आधार पर आरोपी को उत्तर प्रदेश के मखनपुर क्षेत्र से दबोच लिया.

कई महिलाओं को निशाना बना चुका है आरोपी

पुलिस की पड़ताल में जो बात सामने आई, वो और भी चौंकाने वाली है. आरोपी ने स्वीकार किया कि यह अकेली महिला नहीं थी, बल्कि कई अन्य महिलाओं को भी उसने निशाना बनाया था. हालांकि, अब तक उन महिलाओं ने इज्जत के डर से चुप्पी साध रखी है. 

मानपुर डिप्टी एसपी धर्मराज सिंह चौधरी के अनुसार आरोपी खासकर उन महिलाओं को निशाना बनाता था, जो मानसिक तनाव, डरावने सपनों या भूत-प्रेत के भय से परेशान रहती थीं. वह ऐसी महिलाओं को टारगेट कर समाधान बताने का झांसा देकर मकसद को अंजाम देता था. 

यह भी पढ़ेंः TCS धर्मांतरण केस में निदा खान की गिरफ्तारी के बाद पहली तस्वीर, पूछताछ में खुलेंगे गहरे राज

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com