जालंधर में छठ पूजा के बाद पंजाबियों ने प्रवासियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस नहर में सूरज देवता की पूजा की, वो लोग उसी नहर में गंदगी फैला कर चले गए. नहर के पास धार्मिक पूजा करना सही है, लेकिन वहां गंध न फैलाएं.पंजाब के जालंधर शहर में दो दिन पहले छठ पूजा मनाई गई. इसको लेकर पंजाबी समुदाय के कुछ लोगों द्वारा विरोध किया जा रहा है. बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि हम किसी धर्म का विरोध नहीं कर रहे हैं. उनका कहना है कि जिस पर्व को लेकर जालंधर के कपूरथला नहर में त्योहार मनाया गया. कपूरथला नहर की हालत बहुत खराब है और वहां काफी गंदगी है. इसको लेकर किसी भी तरीके से कोई सफाई नहीं की जा रही.
उन्होंने बताया कि जहां एक तरफ पंजाब सरकार द्वारा नहर के आलिंद वाले इलाके की चारदीवारी की गई. उसे नाजायज तरीके से काटा गया और सरकारी प्रॉपर्टी को नुकसान पहुंचाया गया, उसका हम विरोध करते हैं. उन्होंने कहा कि छठ पूजा में जालंधर के मंत्री महेंद्र भगत भी पहुंचे थे, लेकिन क्या उन्हें यह सब नहीं दिखा. उनकी यह मांग है कि यहां पर दोबारा से जल्द से जल्द फेंसिंग की जाए और नहर के आने वाले किए गए कब्जे को जल्द से जल्द हटाया जाए. इलाके के लोगों का कहना है कि इस नहर में लगातार देवी देवताओं की फोटो को फेंका जाता है. हमें ये भी बर्दाश्त नहीं है और इसी को लेकर विरोध किया जा रहा है.
ये भी पढ़ें - कहीं सफेद झाग, कहीं क्लीन घाट...छठ पर BJP और AAP ने दिखाईं अपनी-अपनी यमुना!
हरदेव नगर कॉलोनी के लोगों का कहना है कि यहां भैया लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा है. गंदगी मचा रखी है. शनिवार-रविवार को तो बहुत मुश्किल होती है. यहां चेन स्नैचिंग जैसे अपराध भी बढ़े हैं. हमने एसएचओ से भी इसको लेकर शिकायत की है. एक अन्य शख्स एमपी सिंह ने कहा कि यहां एसएचओ को भी हटाना चाहिए. पुलिस कमिश्नरेट ने 12 नवंबर को आदेश जारी किया था, लेकिन उस पर कोई अमल नहीं हो रहा है.
ये भी पढ़ें - छठ के बाद दिल्ली लौटने वालों को DMRC की बड़ी राहत, सुबह सवा 5 बजे से चलेगी मेट्रो
एक अन्य शख्स दर्शन सिंह आहूजा ने कहा कि सरकार ने पांच करोड़ खर्च कर फेंसिंग कराई थी, लेकिन छठ पूजा के दौरान उसे नुकसान पहुंचा. यहां टेंट और जाल लगाकर गंदगी फैलाई गई है. रात को नहर के पास जाना मुश्किल होता है, रात को 12 बजे तक डीजे चलता है, कोई कुछ नहीं कहता. दर्शन सिंह ने कहा कि जिन लोगों ने भी ये नहर की फेंसिंग तोड़ी है, उनके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं