विज्ञापन

सास-बहू का हाईवोल्टेज ड्रामा CCTV में कैद, मायके जाने से रोकने पर बाल पकड़कर आंगन में घसीटा

पंजाब के मोगा में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहाँ मायके जा रही बहू को सास ने जब पोती को छोड़कर जाने को कहा, तो बहू भड़क गई. गुस्से में बहू ने सास के बाल पकड़कर उन्हें आंगन में घसीटा और जमकर मारपीट की. यह पूरी घटना सीसीटीवी (CCTV) में कैद हो गई है. पीड़िता ने पुलिस से इंसाफ की गुहार लगाई है.

सास-बहू का हाईवोल्टेज ड्रामा CCTV में कैद, मायके जाने से रोकने पर बाल पकड़कर आंगन में घसीटा
पंजाब के मोगा में सास-बहू के बीच हाईवोल्टेज ड्रामा

पंजाब के मोगा जिला अंतर्गत धर्मकोट के लोहगढ़ बस्ती से सास-बहू के बीच हिंसक झड़प का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहाँ मायके जाने की बात को लेकर शुरू हुआ घरेलू विवाद इस कदर बढ़ गया कि बहू ने अपनी बुजुर्ग सास की बेरहमी से पिटाई कर दी. यह पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सामने आया है.

पोती को छोड़ने की बात पर भड़की बहू

जानकारी के मुताबिक, लोहगढ़ बस्ती की रहने वाली बहू कर्मवीर कौर अपने मायके जाने की तैयारी कर रही थी. इसी दौरान उसकी सास बलविंदर कौर ने उसे रोकते हुए कहा कि वह अपनी बेटी (पोती) को घर पर ही छोड़कर जाए. इतनी सी बात पर बहू का पारा चढ़ गया और दोनों के बीच बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से से तमतमाई बहू ने अपनी सास के बाल पकड़ लिए और उन्हें घसीटते हुए घर के बेड़े (आंगन) की तरफ ले गई, जहाँ दोनों के बीच जमकर हाथापाई हुई. घर के भीतर मचे चीख-पुकार को सुनकर आसपास के पड़ोसी तुरंत मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर दोनों को अलग कराया.

शादी के कुछ समय बाद ही बदलने लगा था व्यवहार

पीड़ित सास बलविंदर कौर ने रोते हुए अपनी आपबीती सुनाई. उन्होंने बताया कि उनके बेटे पलविंदर सिंह की शादी करीब चार साल पहले कर्मवीर कौर के साथ हुई थी. शुरुआती दिनों में तो बहू का व्यवहार ठीक था, लेकिन पिछले कुछ समय से उसने घर में तनाव का माहौल बनाना शुरू कर दिया था. वह अक्सर गाली-गलौज करती थी और बिना बताए मायके चली जाती थी. करीब तीन महीने पहले भी वह बिना बताए अपने मायके फिरोजपुर चली गई थी. तब पंचायत के हस्तक्षेप और राजीनामे के बाद उसे वापस लाया गया था, लेकिन घर आते ही उसने फिर से तंग करना शुरू कर दिया.

सोने-चांदी के जेवरात के लिए प्रताड़ित करने का आरोप

पीड़िता का आरोप है कि बहू कर्मवीर कौर और उसका मायका परिवार मिलकर उन्हें लगातार परेशान कर रहा है. बहू उन पर सोने के जेवर देने का दबाव बनाती है और छोटी-छोटी बातों पर प्रताड़ित करती है. सोमवार को भी जब वह बिना बताए कहीं जा रही थी और उसे पोती को छोड़कर जाने को कहा गया, तो उसने हिंसक रूप अख्तियार कर लिया.

पीड़ित सास ने यह भी अंदेशा जताया है कि उन्हें अपनी बहू से जान का खतरा है, क्योंकि वह उन्हें झूठे मुकदमों में फंसाने और जान से मारने की धमकियां देती है. फिलहाल, डरी-सहमी बुजुर्ग सास ने थाने पहुंचकर पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है और इंसाफ की मांग की है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर मामले की बारीकी से जांच कर रही है.

 यह भी पढ़ें-  दिल्ली के हौज खास में दर्दनाक हादसा: AC ब्लास्ट के बाद घर में लगी आग, 80 वर्षीय रिटायर्ड IAS की मौत

लेखक के बारे में
img
Gurpreet Singh
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Punjab Crime News, Moga Saas Bahu Fight, Viral Video, Punjab News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com