पंजाब के पवित्र शहर अमृतसर स्थित प्रसिद्ध ऑटोमोबाइल स्पेयर पार्ट्स और कबाड़ बाजार जहाजगढ़ मार्केट में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते कई दुकानें और खुले में रखा सामान इसकी चपेट में आ गया. आग की ऊंची-ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था. इस हादसे में कई दुकानों के साथ लाखों-करोड़ों रुपये का माल जलकर राख हो गया.
घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. दमकल विभाग के पहुंचने से पहले दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने बाल्टियों तथा उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग बुझाने की कोशिश की. इस दौरान आग की तेज तपिश और लपटों की वजह से कई लोग झुलस भी गए. स्थानीय लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड और पुलिस प्रशासन को सूचना दी.
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की आधा दर्जन से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन बाजार की संकरी गलियों, रास्तों में खड़े बड़े जनरेटरों और अतिक्रमण के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आईं. टायर, फोम और लकड़ी जैसे ज्वलनशील सामान की मौजूदगी के कारण आग बार-बार भड़क रही थी, जिससे दमकल कर्मियों को कई घंटों तक मशक्कत करनी पड़ी.
घटना की जानकारी मिलते ही आम आदमी पार्टी की स्थानीय विधायक डॉ. जीवनजोत कौर मौके पर पहुंचीं और राहत कार्यों का जायजा लिया. उन्होंने बताया कि विश्वकर्मा दिवस के कारण बाजार की अधिकांश दुकानें बंद थीं, जिससे बड़ा जनहानि का खतरा टल गया. उन्होंने कहा कि सूचना मिलते ही फोकल प्वाइंट समेत अन्य दमकल केंद्रों से गाड़ियां रवाना कर दी गई थीं और टीमें पूरी मुस्तैदी के साथ आग पर काबू पाने में जुटी हुई हैं. वहीं, इस हादसे के बाद स्थानीय व्यापारियों में भारी नाराजगी देखने को मिली. दुकानदारों का आरोप है कि दिवाली के आसपास हर साल बाजार में आगजनी की घटनाएं होती हैं, लेकिन प्रशासन उनकी मांगों पर ध्यान नहीं देता. व्यापारियों का कहना है कि वे लंबे समय से त्योहारों के दौरान बाजार में स्थायी रूप से दो फायर ब्रिगेड वाहन तैनात करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई कदम नहीं उठाया गया.
तुली टायर हाउस के मालिक अनिल कुमार तुली समेत अन्य व्यापारियों ने बाजार की आंतरिक व्यवस्था पर भी सवाल उठाए. उनका कहना है कि मुख्य मार्गों पर अवैध रूप से भारी जनरेटर और कबाड़ रखा जाता है, जिससे रास्ते अवरुद्ध हो जाते हैं. यही कारण है कि आपात स्थिति में दमकल की गाड़ियां समय पर घटनास्थल तक नहीं पहुंच पातीं. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है. पुलिस और प्रशासन मामले की जांच कर रहे हैं. हालांकि इस अग्निकांड ने कई व्यापारियों की वर्षों की मेहनत और कमाई को कुछ ही घंटों में राख में बदल दिया.
ये भी पढ़ें : महाराष्ट्र में क्यों सड़कों पर उतरे हजारों लोग, एक सहकारी समिति के चुनाव पर कैसे छिड़ा विवाद
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं