विज्ञापन
This Article is From Dec 29, 2017

आग की लपटों में कैद मुंबई के रेस्तरां में दो युवकों ने जान पर खेलकर बचाईं कई जिंदगियां

मुंबई के कमला मिल्स कंपाउंड स्थित रेस्तरां में गुरुवार देर रात लगी भीषण आग के दौरान दो युवकों की दिलेरी और सूझबूझ से कई लोगों की जिंदगियां बच गईं.

आग की लपटों में कैद मुंबई के रेस्तरां में दो युवकों ने जान पर खेलकर बचाईं कई जिंदगियां
महेश और सूरज गिरी ने आग में फंसे कई लोगों को बचाया
  • महेश और सूरज की सूझबूझ से कई लोगों की जान बच गई
  • दोनों पड़ोस की बिल्डिंग में थे, तभी आग की लपटें दिखीं
  • पाइप के सहारे बिल्डिंग की चौथी मंजिल पर पहुंचे
मुंबई: मुंबई के कमला मिल्स कंपाउंड स्थित रेस्तरां में गुरुवार देर रात लगी भीषण आग के दौरान दो युवकों की दिलेरी और सूझबूझ से कई लोगों की जिंदगियां बच गईं. महेश और सूरज गिरी आग की शिकार हुई बिल्डिंग की बगल वाली इमारत में थे. वे दोनों कॉम्पलेक्स में स्थित एक टीवी स्टेशन के सर्वर रूम में काम करते हैं. जैसे ही उन्होंने पड़ोस की बिल्डिंग से आग की लपटें देखीं, दोनों पाइप के सहारे उस बिल्डिंग की चौथी मंजिल पर पहुंचे और एग्जिट गेट पर लगे लॉक को तोड़ा और लोगों को बाहर निकलने में मदद की. सूरज पिछले दरवाजे से लोगों को बाहर निकालने में जुट गए और महेश ने तत्काल फायर ब्रिगेड को फोन कर हादसे की सूचना दी. उन्होंने बताया कि वे दोनों वॉशरूम जा रहे थे तभी हमने आग की लपटें दिखीं और लोगों को इधर-उधर भागते देखा. उस वक्त वहां करीब 200-250 लोग थे. लोग बदहवास होकर इधर-उधर दौड़ रहे थे.

यह भी पढ़ें : पीड़ित ने सुनाई आपबीती, ‘मैं गिर गई थी और लोग मेरे ऊपर दौड़े जा रहे थे…'

ऐसे में सूरज ने वहां पहुंचकर लोगों को पिछले दरवाजे से बाहर भेजना शुरू किया. उन्होंने बताया कि रेस्तरां में काला धुआं छाया हुआ था और इस माहौल में किसी के लिए दो मिनट सांस लेना भी दूभर हो रहा था. मैंने अपनी शर्ट से नाक ढंक ली और अंदर घुस गया. मैं लोगों को खींचकर बाहर निकालने लगा. महेश उस मंजर को याद करते हुए कहते हैं कि किसी के शरीर पर कपड़े नहीं बचे थे तो किसी के जूते-चप्पल इधर-उधर पड़े हुए थे. वहां भगदड़ जैसी स्थिति थी.

यह भी पढ़ें :  अमेरिका से छुट्टियां मनाने आए थे दो भाई, बुआ को बचाने में गई तीनों की जान

इस भीषण हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई. बीएमसी के एक अधिकारी ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए दमकल की 12 से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. सुबह आग पर नियंत्रण पाया गया. इस हादसे को बेहद गंभीरता से लेते हुए बीएमसी के आयुक्त ने सहायक आयुक्त सहित पांच अधिकारियों को लापरवाही बरतने के लिए निलंबित कर दिया और मामले में जांच के आदेश दिए. दोपहर बाद घटनास्थल पर पहुंचे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों और अन्य के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी.

VIDEO : मुंबई हादसा : दो युवकों ने कई फंसे लोगों को बचाया
शिवसेना सांसद अरविंद सावंत ने मामले को लोकसभा में उठाते हुए इसकी न्यायिक जांच की मांग की है.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kamala Mills Compound Fire, Mumbai Fire Tragedy
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com