महाराष्ट्र (Maharashtra) में 16 नवंबर यानी आज से सभी धार्मिक स्थलों (Religious Places) को खोल दिया गया है. धार्मिक स्थलों को खोलने को लेकर महाराष्ट्र सरकार ने एक एडवाइजरी जारी की, जिसमें कोरोनावायरस से जुड़े सभी तरह के एहतियात बरतने की बात कही गई है. इस एडवाइजरी के मद्देजनर महाराष्ट्र के सभी धार्मिक स्थलों में तैयारी कर ली गई है. सिद्धिविनायक मंदिर, साईं बाबा मंदिर और माहिम स्थित हाजी अली दरगाह समेत अन्य प्रमुख स्थानों पर सभी इंतेजाम किए गए हैं. 65 साल से अधिक और 10 साल से छोटे बच्चों के धार्मिक स्थल पर जाने पर रोक है.
एडवाइजरी में कहा गया है कि धार्मिक स्थलों को कितने बजे शुरू करना है, इसका निर्णय ट्रस्ट की ओर से लिया जाएगा. मास्क पहनना और सोशल डिस्टेंसिंग का ख्याल रखना अनिवार्य है. बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं, छोटे बच्चों को ज़रूरी ना होने पर नहीं आने की सलाह दी गई है.
शिरडी साईं बाबा संस्थान ने सभी तैयारी पूरी कर ली है. रोजाना 6 हजार श्रद्धालुओं को दर्शन करने की अनुमति होगी. दर्शन के लिए ऑनलाइन बुकिंग करनी होगी. साथ ही श्रद्धालुओं का शिरडी में कोरोना टेस्ट भी होगा. त्योहारों के मद्देनजर कोरोना के मामले बढ़ने का अंदेशा जताया जा रहा है. फिलहाल महाराष्ट्र में कोरोना की स्थिति पहले से काफी सुधरी है. त्योहारों पर लोग अपने घर से निकले हैं तो हो सकता है कोरोना के मामलों में तेजी आए.
सिद्धिविनायक मंदिर में एक हजार श्रद्धालुओं को पूजा की अनुमति
मुंबई के प्रसिद्ध सिद्धिविनायक मंदिर में सोमवार से प्रतिदिन केवल एक हजार श्रद्धालुओं को अंदर जाने की अनुमति दी जाएगी. श्रद्धालुओं को मोबाइल ऐप के माध्यम से पूजा के लिए अलग-अलग समय दिया जाएगा. यह जानकारी रविवार को इसके अध्यक्ष आदेश बांडेकर ने दी. बांडेकर ने संवाददाताओं से कहा कि सिद्धिविनायक ट्रस्ट ने एक मोबाइल ऐप विकसित किया है जिसके माध्यम से सोमवार से श्रद्धालु दर्शन के लिए समय बुक कर सकते हैं.
माहिम दरगाह में भी विशेष तैयारियां की जा रही हैं. दरगाह को सेनिटाइज़ किया रहा है. एक समय में सीमित लोगों को ही अंदर जाने दिया जाएगा. दरगाह के स्टाफ में बढ़ोतरी की गई है. माहिम दरगाह के ट्रस्टी सोहैल खंडवानी ने कहा कि दरगाह में जो सफाई पहले एक बार होती था, वो अब तीन बार होगी. हमारे स्टाफ और वॉलेंटियर, जो पहले 30 से 40 थे, उसमें भी 20 फीसदी की बढ़ोतरी की जाएगी.
(भाषा के इनपुट के साथ)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं