विज्ञापन

नौतपा की भीषण गर्मी में लू से 6 साल के मासूम की मौत, सदमे में मां ने भी तोड़ा दम

छतरपुर में नौतपा की भीषण गर्मी ने एक दर्दनाक घटना को जन्म दिया, जहां लू की चपेट में आकर 6 साल के मासूम की मौत हो गई. बेटे की मौत का सदमा मां सह नहीं पाई और उसने भी दम तोड़ दिया.

नौतपा की भीषण गर्मी में लू से 6 साल के मासूम की मौत, सदमे में मां ने भी तोड़ा दम

Heatwave Death 2026: नौतपा की झुलसा देने वाली गर्मी अब जानलेवा साबित होने लगी है. एमपी के छतरपुर जिले में एक ऐसा दर्दनाक मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को अंदर तक हिला दिया. भीषण लू की चपेट में आकर जहां 6 साल के मासूम की मौत हो गई, वहीं बेटे की मौत का सदमा मां सह नहीं पाई और उसने भी दम तोड़ दिया. कुछ ही घंटों में एक ही परिवार की दो जिंदगियां बुझ गईं.

दरअसल, हरपालपुर क्षेत्र निवासी रजिया खातून का 6 वर्षीय बेटा हसनैन अहमद शनिवार दोपहर तेज धूप और लू के असर में आ गया. अचानक बच्चे ने पेट में तेज दर्द और घबराहट की शिकायत की. परिवार घबराया और मां तुरंत उसे इलाज के लिए लेकर डॉक्टर के पास पहुंची.

मां की ममता, अस्पतालों के बीच भागदौड़

स्थानीय डॉक्टर से राहत नहीं मिलने पर रजिया खातून अपने बेटे को लेकर नौगांव अस्पताल पहुंची. यहां डॉक्टरों ने बच्चे की हालत गंभीर बताई और उसे छतरपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया. मां की आंखों में सिर्फ एक ही उम्मीद थी किसी तरह उसका बेटा बच जाए.

रास्ते में थम गई मासूम की सांसें

जब एम्बुलेंस छतरपुर की ओर बढ़ रही थी, तब तेज गर्मी और लू के थपेड़ों के बीच बच्चे की हालत और बिगड़ने लगी. मां की गोद में तड़पते हुए हसनैन की सांसें धीरे-धीरे थम गईं. बच्चे के शांत पड़ते ही मां की चीख निकल गई, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.

बेटे के गम में मां ने भी तोड़ा दम

अपने 6 साल के बेटे की मौत का सदमा रजिया खातून सह नहीं पाईं. जैसे ही वे अस्पताल पहुंचीं और डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित किया, वहां मौजूद लोग भी सन्न रह गए. एक मां, जो अपने बच्चे को बचाने निकली थी, उसी के जाने के दुख में खुद भी दुनिया छोड़ गई.

एक साथ दो मौतों से गांव में पसरा मातम

इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. जिस घर से कुछ घंटों पहले मां-बेटा हंसते हुए निकले थे, वहीं अब मातम पसरा हुआ है. हर आंख नम है और हर कोई इस दर्दनाक घटना को याद कर सिहर उठा है.

पोस्टमार्टम और जांच जारी

रविवार सुबह दोनों के शवों का जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. शुरुआती तौर पर मौत की वजह लू और गहरा सदमा माना जा रहा है, लेकिन असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद साफ हो सकेगा. 

लेखक के बारे में
img
Arvind Tiwari
संवाददाता
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Heatwave Death India, MP Heatwave News, Chhatarpur Child Death, Loo Death Case India, Heat Stroke Symptoms
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com