विज्ञापन

Hit and Run: बाइक समेत युवकों को करीब 5 KM तक सड़क पर घसीटती रही बस,  4 दोस्तों को रौंदा; 3 की मौके पर ही मौत

Bhind Hind and Run Case: चश्मदीदों के अनुसार, हादसा इतना खौफनाक था कि टक्कर के बाद बाइक बस के अगले हिस्से में फंस गई. बस चालक ने रुकने के बजाय रफ्तार और बढ़ा दी और बाइक समेत युवकों को करीब पांच किलोमीटर तक सड़क पर घसीटता हुआ ले गया. घटनास्थल पर रूह कंपा देने वाला दृश्य बन गया था.

Hit and Run: बाइक समेत युवकों को करीब 5 KM तक सड़क पर घसीटती रही बस,  4 दोस्तों को रौंदा; 3 की मौके पर ही मौत
गोपालपुरा हाईवे पर भीषण हादसा से थर्राया भिंड, बस ने बाइक सवार 4 दोस्तों को रौंदा; 3 की मौके पर ही मौत
Dilip Soni

Hit and Run Case: मध्य प्रदेश के भिंड जिले के गोपालपुरा स्टेट हाईवे-552 पर शनिवार का दिन बेहद दुखद रहा. यहां एक तेज रफ्तार बस ने कहर बरपाते हुए बाइक सवार चार दोस्तों को अपनी चपेट में ले लिया. यह टक्कर इतनी भयावह थी कि तीन युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक अन्य युवक जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है.

जानकारी के मुताबिक, मुरैना निवासी आशुतोष बघेल (21), खरौली निवासी रामकेश बघेल (19), मुरैना के ही मोहित बघेल (20) और मेहन्दा निवासी अमित बघेल (17) एक ही बाइक पर सवार होकर मेहन्दा गांव में आयोजित एक शादी समारोह में जा रहे थे. चारों दोस्त हंसी-खुशी रास्ते का सफर तय कर रहे थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था. हाईवे पर सामने से आ रही एक अनियंत्रित बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.

5 किलोमीटर तक बाइक को घसीटती रही बस

चश्मदीदों के अनुसार, हादसा इतना खौफनाक था कि टक्कर के बाद बाइक बस के अगले हिस्से में फंस गई. बस चालक ने रुकने के बजाय रफ्तार और बढ़ा दी और बाइक समेत युवकों को करीब पांच किलोमीटर तक सड़क पर घसीटता हुआ ले गया. घटनास्थल पर रूह कंपा देने वाला दृश्य बन गया था. इस बीच, एक राहगीर ने कार से बस का पीछा किया और उसे रुकवाया. बस रुकते ही यात्री घबरा कर नीचे उतरने लगे, जिसका फायदा उठाकर आरोपी चालक मौके से फरार हो गया.

पुलिस की कार्रवाई और अस्पताल में मची चीख-पुकार

हादसे की सूचना मिलते ही उमरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा. घायल अमित बघेल को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में ग्वालियर रेफर किया गया है. मृतकों की शिनाख्त आशुतोष, रामकेश और मोहित के रूप में हुई है. जैसे ही यह खबर मृतकों के परिजनों तक पहुंची, उनके घरों में चीख-पुकार मच गई.

यह भी पढ़ें- ''यह एक विशेष परंपरा और मान्यताओं वाली सोसायटी है और यहां हिंदू रहते हैं, दूसरे लोग न खीरदें मकान''

पुलिस ने दुर्घटना में शामिल बस को जब्त कर लिया है और फरार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है. शुरुआती जांच में हादसे का मुख्य कारण बस की अत्यधिक रफ्तार और चालक की लापरवाही को माना जा रहा है. इस घटना ने एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण होने वाले खतरों और यातायात नियमों की अनदेखी को उजागर कर दिया है.

यह भी पढ़ें-  FSDA Action: भूल कर भी इन कंपनियों के खाद्य तेल का न करें इस्तेमाल, इन 14 कंपनियों को FSDA कर चुकी है बैन

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com