उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के मुरादाबाद (Moradabad) में एक बार फिर पोस्टर को लेकर विवाद सामने आया है. दरअसल, शहर की एक रिहायशी श्रीराम सोसायटी में कई मकानों के बाहर ऐसे पोस्टर लगाए गए हैं, जिनमें एक विशेष समुदाय से अपील की गई है कि वे यहां मकान न खरीदें. पोस्टर सामने आने के बाद इलाके में चर्चा और हलचल बढ़ गई है.
बताया जा रहा है कि सोसायटी के कई घरों पर एक जैसे पोस्टर लगाए गए हैं. इनमें लिखा गया है कि यह एक विशेष परंपरा और मान्यताओं वाली सोसायटी है, इसलिए अन्य समुदाय के लोग यहां संपत्ति न खरीदें. पोस्टरों के जरिए यह भी कहा गया है कि इलाके की धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए यह अपील की जा रही है.
पोस्टर के पीछे यह दिया जा रहा है तर्क
स्थानीय लोगों का कहना है कि सोसायटी में ज्यादातर एक ही समुदाय के लोग रहते हैं और यहां समय-समय पर धार्मिक कार्यक्रम होते रहते हैं. कुछ निवासियों का यह भी कहना है कि इलाके में कुछ मकान बिक्री के लिए हैं और दूसरे समुदाय के लोग उन्हें खरीदने की कोशिश कर रहे हैं, ऐसे में आपसी माहौल और परंपराओं को लेकर चिंता जताई जा रही है. इस पोस्टर का बचाव करते हुए स्थानीय निवासी सुरभि अग्रवाल ने कहा कि “यहां पर हमारी सोसायटी में ज्यादातर एक ही समुदाय के लोग रहते हैं. यहां धार्मिक कार्यक्रम भी होते रहते हैं, इसलिए हमने अपील की है कि परंपराओं को ध्यान में रखा जाए और उसी हिसाब से लोग मकान खरीदें.” वहीं, स्थानीय निवासी राजेंद्र अग्रवाल का कहना है कि यहां किसी भी विशेष समुदाय का आना माना है.
आपसी भाईचारा खत्म होने की बढ़ी चिंता
वहीं, दूसरी ओर इस तरह के पोस्टरों को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं. कई लोगों का मानना है कि इस तरह की अपील से सामाजिक सौहार्द पर असर पड़ सकता है और इससे विवाद की स्थिति बन सकती है. स्थानीय निवासी नीरज अग्रवाल का मानना है कि “इस तरह के पोस्टर लगाना ठीक नहीं है. इससे माहौल खराब हो सकता है. सभी लोगों को साथ मिलकर रहना चाहिए और आपसी भाईचारा बनाए रखना चाहिए.”
यह भी पढ़ें- FSDA Action: भूल कर भी इन कंपनियों के खाद्य तेल का न करें इस्तेमाल, इन 14 कंपनियों को FSDA कर चुकी है बैन
फिलहाल, इस पूरे मामले की जानकारी प्रशासन तक भी पहुंची है. प्रशासन की ओर से कहा गया है कि मामले की जांच की जाएगी और स्थिति के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि इलाके में शांति और सौहार्द बना रहे.
यह भी पढ़ें- Gujarat News: राजकोट में आवारा कुत्ते पर बेरहमी, बचाने पहुंची महिला से भी मारपीट, घटना कैमरे में कैद
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं