Family Success Story: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के एक परिवार ने पूरे मध्य प्रदेश को गौरवान्वित कर दिया है. परिवार के तीन बेटे-बेटियों ने सफलता की ऐसी कहानी रची, जिसका हर कोई गुणगान कर रहा है. तीन होनहार बच्चों रोहित, रीना और दीपक ने एक साथ सरकारी नौकरी प्राप्त की है. इसमें कोई भारतीय सेना (Indian Army) तो कई औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) और एक बेटी मध्य प्रदेश पुलिस में शामिल हुई है. एक साथ चयनित होने के बाद परिवार की खूब चर्चा हो रही है.
दरअसल, छतरपुर जिले में बड़ामलहरा क्षेत्र के छोटे से गांव बीरो (बरगुवा) से निकली एक प्रेरणादायक कहानी ने पूरे मध्य प्रदेश को गौरवान्वित कर दिया है. भगवान दास खंगार के दो बेटों रोहित खंगार और दीपक खंगार के साथ एक बेटी रीना खंगार ने सरकारी नौकरी प्राप्त कर ली है. तीनों ने दुर्लभ कीर्तिमान स्थापित किया है.

तीनों को किसमें मिली नौकरी
इनमें रोहित का चयन सीआईएसएफ में, दीपक का भारतीय सेना और बहन का मध्य प्रदेश पुलिस (Madhya Pradesh Police) में चयन हुआ है. इससे तीनों भाई-बहनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा है. तीनों की जॉब इसी साल 2026 में ही लगी है. पहले दीपक का नवंबर (2025), फिर रोहित का इसी साल जनवरी में चयन हुआ. अब मार्च में बहन रीना ने मध्य प्रदेश पुलिस ज्वाइन करके नाम रोशन किया.
आर्थिक चुनौतियों के बीच हासिल की सफलता
सीमित संसाधनों और आर्थिक चुनौतियों के बीच पली-बढ़ी इन तीन प्रतिभाओं ने सिद्ध कर दिया कि संकल्प अडिग हो तो अभाव भी रास्ता नहीं रोक सकते. पिता के त्याग और पूर्व सरपंच घनश्याम खंगार के मार्गदर्शन ने इस सफलता की नींव रखी. आज पूरा गांव ढोल-नगाड़ों और मिठाइयों के साथ इस ऐतिहासिक उपलब्धि का जश्न मना रहा है. इन तीनों भाई-बहनों का अटूट संघर्ष अब प्रदेश के हजारों युवाओं के लिए उम्मीद की नई किरण बन गया है.
क्या बोले पिता
भगवान दास खंगार का कहना है कि उनके बेटे और बेटी ने कम संसाधनों और सीमित सुख-सुविधाओं के बावजूद मेहनत और लगन से नौकरी हासिल की है. यह पूरे गांव और आसपास के लोगों के लिए एक मिसाल है. उनका मानना है कि हर घर के बेटा-बेटी को इसी तरह मेहनत और ईमानदारी से आगे बढ़कर अपने माता-पिता का नाम रोशन करना चाहिए.
बेटा-बेटी के पिता भगवान दास खंगार अपनी संतान की इस कामयाबी पर फूले नहीं समा रहे हैं. नौकरी पाने वाले युवा ग्राम पंचायत बीरी के पूर्व सरपंच घनश्याम खंगार के ये भतीजे और भतीजी हैं. घर में एक साथ तीन-तीन खुशियों की खबर मिलने से हर्ष का माहौल चल रहा है.
ये भी पढ़ें- 'सायरन बजाया तो लोग हटे क्यों नहीं', 5 लोगों को थार से कुचलने वाले बीजेपी विधायक के बेटे का वीडियो वायरल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं