विज्ञापन

दुर्ग में BJP नेता और बिजनेसमैन चतुर्भुज राठी के ठिकानों पर ED का छापा; घर‑ऑफिस पर जांच से मचा हड़कंप

ED Raid: दुर्ग में ईडी ने भाजपा नेता व कारोबारी चतुर्भुज राठी के घर और दफ्तर पर छापा मारा. कई कंपनियों के दस्तावेजों की जांच जारी. पढ़िए पूरी खबर.

दुर्ग में BJP नेता और बिजनेसमैन चतुर्भुज राठी के ठिकानों पर ED का छापा; घर‑ऑफिस पर जांच से मचा हड़कंप
दुर्ग में ईडी की बड़ी कार्रवाई, भाजपा नेता चतुर्भुज राठी के घर‑ऑफिस पर छापा

BJP Leader ED Raid Durg: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई से गुरुवार सुबह राजनीतिक और कारोबारी हलकों में हलचल मच गई. ईडी की टीम ने भाजपा नेता और बड़े कारोबारी चतुर्भुज राठी के पुलगांव स्थित आवास और कार्यालय पर एक साथ छापेमारी की. सुबह करीब 6 बजे शुरू हुई इस कार्रवाई में बड़ी संख्या में अधिकारी शामिल रहे. बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई कथित वित्तीय लेन‑देन और कंपनियों से जुड़े मामलों की जांच के तहत की जा रही है. फिलहाल ईडी की टीम दस्तावेजों की पड़ताल में जुटी है और जांच जारी है.

सुबह 6 बजे कई गाड़ियों में पहुंची ईडी टीम

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय के एक दर्जन से अधिक अधिकारी चार गाड़ियों में सवार होकर पुलगांव के महेश कॉलोनी स्थित चतुर्भुज राठी के आवास पर पहुंचे. इसके साथ ही उनके कार्यालय पर भी एक अलग टीम ने दबिश दी. अचानक हुई इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों में उत्सुकता देखी गई और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई.

कई कंपनियां जांच के घेरे में

बताया जा रहा है कि ईडी की जांच के दायरे में चतुर्भुज राठी से जुड़ी अनेक फर्में शामिल हैं. इनमें अमर इंफ्रास्ट्रक्चर (अमर बिल्डीकॉन), अमर महाबीर कोल माइन्स, अमर प्राइवेट लिमिटेड और टार कारपेट प्राइवेट लिमिटेड प्रमुख हैं. एजेंसी इन कंपनियों के वित्तीय लेन‑देन, बैंक खातों और अनुबंधों से जुड़े दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रही है.

ED Raid Durg: भाजपा नेता के यहां ईडी कार्रवाई

ED Raid Durg: भाजपा नेता के यहां ईडी कार्रवाई

सरकारी ठेकों से जुड़ा है मुख्य कारोबार

चतुर्भुज राठी का मुख्य व्यवसाय सरकारी अनुबंधों के तहत सड़क और पुल निर्माण से जुड़ा बताया जाता है. इसके अलावा वे कई शॉपिंग मॉल्स के मालिक हैं. कोयला खदानों के संचालन में भी उनकी बड़ी हिस्सेदारी मानी जाती है. इन्हीं व्यावसायिक गतिविधियों से जुड़े वित्तीय पक्षों को लेकर ईडी जांच कर रही है.

राजनीति में भी रहा सक्रिय रोल

चतुर्भुज राठी भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय सदस्य रहे हैं. बीते विधानसभा चुनाव में उन्होंने दुर्ग शहर से टिकट के लिए मजबूत दावेदारी भी पेश की थी, हालांकि बाद में पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया. उनके खिलाफ कार्रवाई की खबर सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में भी चर्चाओं का दौर तेज हो गया है.

पहले भी हो चुकी है छापेमारी

यह पहली बार नहीं है जब केंद्रीय जांच एजेंसियों ने उनके ठिकानों पर दबिश दी हो. इससे पहले वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव से ठीक पहले आयकर विभाग (IT) ने भी उनके विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की थी. उस दौरान भी कई दस्तावेज और रिकॉर्ड खंगाले गए थे.

दस्तावेजों की जांच जारी, बाहर कड़ी सुरक्षा

मौजूदा कार्रवाई के दौरान राठी के घर और कार्यालय के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है. ईडी की टीम अंदर दस्तावेजों, डिजिटल रिकॉर्ड और वित्तीय लेन‑देन से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है. देर शाम तक कार्रवाई जारी रहने की संभावना जताई जा रही है.

यह भी पढ़ें : ED Action: इंदौर में ईडी की कार्रवाई; ऑनलाइन सट्टा-डब्बा ट्रेडिंग केस में करोड़ों रुपये की संपत्ति जब्त

यह भी पढ़ें : केरल में अवैध रूप से रह रहीं दो बांग्लादेशी महिलाएं गिरफ्तार, देह व्यापार मामले में 6 अन्य हिरासत में

यह भी पढ़ें : MP Gehu Kharidi 2026: कल जो कहा, आज वही किया: CM मोहन यादव का खरगोन के गेहूं उपार्जन केंद्र पर औचक दौरा

यह भी पढ़ें : MP में गेहूं खरीदी की जमीनी हकीकत जानेंगे CM मोहन; कहीं भी उतरेगा हेलिकॉप्टर, औचक किसानों से होगा संवाद

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com