विज्ञापन

7 दिन तक बिना गले ताजे रहेंगे टमाटर, बस फ्रिज में स्टोर करने का सही तरीका जान लें

कई बार लोग एक साथ ज्यादा टमाटर खरीदकर घर ले आते हैं और कुछ ही दिनों में वे नरम होकर गल जाते हैं. अगर आप भी इस परेशानी से बचना चाहते हैं, तो स्टोर करने का सही तरीका जानना जरूरी है. आइए जानते हैं टमाटरों को ज्यादा दिनों तक फ्रैश रखने के लिए कैसे स्टोर करें-

7 दिन तक बिना गले ताजे रहेंगे टमाटर, बस फ्रिज में स्टोर करने का सही तरीका जान लें
टमाटर को ज्यादा दिनों तक फ्रैश कैसे रखें?
(Photo Credit: NDTV)

टमाटर लगभग हर तरह की सब्जी बनाने में इस्तेमाल किए जाते हैं. लेकिन बारिश और गर्मी के मौसम में ये बहुत जल्दी खराब होने लगते हैं. कई बार फ्रिज में रखने पर भी टमाटर गल जाते हैं या जल्दी खराब हो जाते हैं. इसे लेकर डिजिटल क्रिएटर शशांक आल्शी ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने टमाटर को स्टोर करने का खास तरीका बताया है. शशांक कहते हैं, इस तरह स्टोर करने पर टमाटर एक हफ्ते तक एकदम फ्रैश रह सकते हैं. आइए जानते हैं कैसे- 

कैसे रखें टमाटर को फैश?

दरअसल, शशांक आल्शी ने टमाटरों को 7 दिन तक ताजा रखने के लिए 4 अलग-अलग तरीकों को आजमाया. इस टेस्ट में यह देखने की कोशिश की गई कि कौन-सा तरीका सबसे बेहतर काम करता है. 

कमरे के तापमान पर रखने से जल्दी हुए खराब 

पहले तरीके में टमाटरों को नॉर्मल कमरे के तापमान पर रखा गया. इस तरीके से टमाटर सबसे जल्दी खराब हुए. जैसे-जैसे टमाटर पकते हैं, वे नमी छोड़ते हैं. अगर मौसम में ज्यादा नमी हो, तो यही नमी उनकी सतह पर जमा हो जाती है. इससे बैक्टीरिया और फफूंदी तेजी से बढ़ने लगती है. साथ ही टमाटर अंदर से पानी भी खोने लगते हैं, जिससे वे सिकुड़ जाते हैं और जल्दी नरम होकर खराब हो जाते हैं.

सीधे फ्रिज में रखने से बिगड़ गई बनावट

दूसरे तरीके में टमाटरों को फ्रिज की सब्जी वाली ट्रे में रखा गया. इससे टमाटर थोड़े ज्यादा समय तक तो टिके, लेकिन उनकी बनावट खराब हो गई. ठंडी हवा की वजह से टमाटर अंदर से मुलायम हो गए. साथ ही फ्रिज की सूखी हवा ने उनकी नमी कम कर दी, जिससे उनका स्वाद भी पहले जैसा नहीं रहा.

तेल और एयरटाइट डिब्बा 

तीसरे तरीके में टमाटरों पर हल्की-सी तेल की परत लगाई गई और फिर उन्हें एयरटाइट कंटेनर में रखकर फ्रिज में रखा गया. तेल की पतली परत टमाटरों को सीधे हवा के संपर्क में आने से बचाती है. इससे टमाटर की नमी बनी रहती है. इस तरीके से ज्यादातर टमाटर लंबे समय तक फ्रैश रहे. 

सबसे असरदार रहा यह आसान तरीका

चौथे तरीके ने सबसे अच्छे नतीजे दिए. इसमें शशांक ने एयरटाइट कंटेनर के अंदर टिश्यू पेपर बिछाया, इसपर टमाटरों को उल्टा करके रखा. इसके बाद वापस टिश्यू पेपर लगाकर डिब्बे को बंद कर दिया. ऐसा करने से टमाटर 7 दिनों तक एकदम फ्रैश रखे. 

वीडियो में शशांक आल्शी बताते हैं, टिश्यू पेपर अतिरिक्त नमी को सोख लेता है, जिससे फफूंदी बनने का खतरा कम हो जाता है. वहीं, टमाटर को उल्टा रखने से उसका डंठल वाला हिस्सा सुरक्षित रहता है, जहां से खराब होने की शुरुआत सबसे पहले होती है. इस तरह स्टोर करने से टमाटर ज्यादा फ्रैश रहते हैं. ऐसे में आप भी इस तरीके को आजमाकर देख सकते हैं. 

यह भी पढ़ें- Yoga For Hair: क्या योगा करने से बाल लंबे हो सकते हैं? इन 4 योगासन से दिखने लगेगा असर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Tomato, Home Remedy, Lifestyle News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com