गर्मी हो या सर्दी, सीलिंग फैन लगभग हर घर में रोज इस्तेमाल होता है. लगातार चलने की वजह से इसके ब्लेड पर धूल, मिट्टी और ग्रीस की मोटी परत जम जाती है. कई बार लोग इसे साफ करने से बचते हैं, क्योंकि सफाई के दौरान धूल पूरे कमरे में फैल जाती है. लेकिन यहां हम आपको एक ऐसा तरीका बता रहे हैं, जिससे बिना ज्यादा गंदगी फैलाए पंखे को आसानी से साफ किया जा सकता है. ये खास तरीका डिजिटल क्रिएटर शशांक आल्शी ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर किया है. आइए जानते हैं इसके बारे में-
सीलिंग फैन की सफाई कैसे करे?
स्टेप नंबर 1- तकिए के पुराने कवर का करें इस्तेमालसबसे पहले एक पुराने तकिए का कवर लें. इस कवर को पंखे के ब्लेड पर धीरे-धीरे चढ़ाएं और फिर उसे पीछे की तरफ खींच लें. ऐसा करने से ब्लेड पर जमी ज्यादातर धूल तकिए के कवर के अंदर ही रह जाएगी. इस तरीके से धूल फर्श पर बहुत कम गिरती है और कमरे में गंदगी भी नहीं फैलती.
स्टेप नंबर 2- हल्की गंदगी के लिए बनाएं यह क्लीनिंग सॉल्यूशनएक गिलास पानी में 2 चम्मच सिरका और 1 से 2 बूंद डिशवॉशिंग लिक्विड मिलाएं. इस घोल को स्प्रे बोतल में भर लें. अब इसे पंखे के ब्लेड की दोनों तरफ स्प्रे करें और माइक्रोफाइबर कपड़े से धीरे-धीरे पोंछ दें. इससे सामान्य धूल और हल्के दाग आसानी से साफ हो जाते हैं.
स्टेप नंबर 3- जिद्दी ग्रीस हटाने के लिए अपनाएं यह तरीकावहीं, अगर पंखे पर ग्रीस की मोटी परत जमी हुई है, तो इसके लिए लगभग बराबर मात्रा में सिरका और पानी मिलाएं. फिर इसमें 2 से 3 बूंद डिशवॉशिंग लिक्विड डालें. इस मिश्रण को ब्लेड पर स्प्रे करें और कुछ देर बाद माइक्रोफाइबर कपड़े से साफ करें. इस तरीके से जिद्दी ग्रीस भी आसानी से निकलने लगती है और ब्लेड एकदम नए जैसे साफ हो जाते हैं.
सफाई के दौरान रखें इन बातों का ध्यान- पंखा साफ करने से पहले मेन पावर बंद कर दें.
- मजबूत और सुरक्षित स्टूल या सीढ़ी का इस्तेमाल करें.
- सफाई के लिए हमेशा मुलायम माइक्रोफाइबर कपड़ा इस्तेमाल करें, ताकि ब्लेड पर खरोंच न आए.
- इन सब से अलग हर कुछ हफ्तों में पंखा साफ करने से उसपर धूल और ग्रीस ज्यादा नहीं जमती है और पंखा लंबे समय तक नया जैसा साफ दिखाई देता है. ऐसे में आप समय निकालकर हर हफ्ते पंखे की सफाई कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें- Yoga For Hair: क्या योगा करने से बाल लंबे हो सकते हैं? इन 4 योगासन से दिखने लगेगा असर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं