लंबे, घने और मजबूत बालों की चाहत हर कोई रखता है. बाल हमारी खूबसूरती में चार चांद लगाने का काम करते हैं. हालांकि, आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में बाल झड़ना एक आम समस्या बन गई है. तनाव, गलत खानपान, कम नींद, प्रदूषण और खराब लाइफस्टाइल का असर सबसे पहले बालों पर दिखाई देता है. ऐसे में लोग बालों को मजबूत बनाने और हेयर ग्रोथ को बढ़ाने के लिए तमाम तरह के महंगे प्रोडक्ट्स इस्तेमाल करते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि आप नेचुरल तरीके अपनाकर भी अपने बालों की ग्रोथ को बेहतर कर सकते हैं? इसके लिए आप योगा की मदद ले सकते हैं. आइए जानते हैं योग कैसे आपके बालों पर असर डालता है, साथ ही जानेंगे कौन से योगासन करने से आपको अच्छे रिजल्ट्स देखने को मिल सकते हैं.
योग से बालों पर कैसा असर पड़ता है?
हेल्थलाइन की एक रिपोर्ट के मुताबिक, योगा करने से सीधे तौर पर नए बाल नहीं उगते हैं. लेकिन इससे तनाव कम करने और सिर की त्वचा में ब्लड फ्लो बेहतर करने में मदद मिलती है. बाल झड़ने की सबसे बड़ी वजहों में से एक तनाव भी है. जब कोई व्यक्ति लंबे समय तक तनाव में रहता है, तो इसका असर पूरे शरीर पर पड़ता है. शरीर में ऐसे बदलाव होने लगते हैं जो बालों की ग्रोथ को धीमा कर सकते हैं और बालों के झड़ने की समस्या बढ़ा सकते हैं. योग करने से शरीर और दिमाग दोनों को आराम मिलता है. वहीं, जब तनाव कम होगा, तो उसका असर बालों पर भी नजर आएगा. इसके अलावा योग करने से पूरी बॉडी बेहतर तरीके से काम करती है, जिसका फायदा भी बालों को मिल सकता है.
रिपोर्ट में आगे बताया गया है, कुछ योगासन ऐसे होते हैं जिनमें सिर नीचे की ओर रहता है या शरीर आगे की तरफ झुकता है. इन आसनों से कुछ समय के लिए सिर की त्वचा में खून का बहाव बढ़ सकता है. इससे बालों की जड़ों तक ऑक्सीजन और जरूरी पोषक तत्व अच्छी मात्रा में पहुंचते हैं. इससे बेहतर हेयर ग्रोथ और बालों को मजबूत बने रहने में मदद मिल सकती है.
कौन-कौन से योगासन फायदेमंद हो सकते हैं?हेल्थलाइन की रिपोर्ट में 4 ऐसे योगासन बताए गए हैं जो बालों के लिए फायदेमंद माने जाते हैं.
नंबर 1- उत्तानासन (Standing Forward Bend)
- इस आसन में सीधे खड़े होकर कमर से आगे की ओर झुकना होता है.
- हाथों को पैरों या जमीन तक ले जाने की कोशिश करें और सिर को ढीला छोड़ दें.
- कुछ देर गहरी सांस लेते हुए इस स्थिति में रहें और फिर धीरे-धीरे वापस खड़े हो जाएं.

इस आसन में सिर नीचे रहता है, जिससे कुछ समय के लिए स्कैल्प में ब्लड फ्लो बढ़ सकता है. साथ ही पीठ और पैरों की अच्छी स्ट्रेचिंग होती है और मन को भी आराम मिलता है.
नंबर 2- अधो मुख श्वानासन (Downward-Facing Dog)- सबसे पहले हाथ और घुटनों के बल बैठें.
- अब, हाथों और पैरों के सहारे शरीर को ऊपर उठाएं और शरीर को उल्टे 'V' की तरह बना लें.
- एड़ियों को जमीन की तरफ रखने की कोशिश करें.
- कुछ देर गहरी सांस लेते हुए इस स्थिति में रहें और फिर धीरे-धीरे वापस खड़े हो जाएं.

यह आसन शरीर के कई हिस्सों में खिंचाव लाता है और सिर की तरफ रक्त संचार बढ़ाने में मदद कर सकता है. साथ ही तनाव कम करने में भी यह आसन काफी फायदेमंद माना जाता है.
नंबर 3- प्रसारित पादोत्तानासन (Wide-Legged Standing Forward Bend)- दोनों पैरों के बीच अच्छी दूरी रखें.
- अब, कमर से आगे झुकें और दोनों हाथ जमीन पर रखें.
- अगर संभव हो तो सिर को जमीन से लगाएं.
- कुछ देर इसी स्थिति में रहें और फिर धीरे-धीरे वापस खड़े हो जाएं.

यह आसन भी सिर की त्वचा तक ब्लड फ्लो बढ़ाने में मदद कर सकता है. साथ ही शरीर का तनाव कम होता है और पैरों, कमर की अच्छी एक्सरसाइज भी हो जाती है.
नंबर 4- बालासन (Child's Pose)- घुटनों के बल बैठकर शरीर को आगे की ओर झुकाएं और पेट को जांघों पर टिकाएं.
- हाथों को सामने की ओर फैलाएं और माथे को जमीन से लगाकर सांस लेते रहें.
- कुछ देर इसी स्थिति में रहें और फिर धीरे-धीरे वापस खड़े हो जाएं.

बालासन करने से शरीर और दिमाग दोनों शांत होते हैं. तनाव कम होता है और इस तरह बालों पर भी अच्छा असर पड़ सकता है.
इन बातों का भी रखें ध्यान- नियमित योग करने से आपको अच्छे नतीजे देखने को मिल सकते हैं. लेकिन बालों की ग्रोथ के लिए योग के साथ-साथ रोज के खाने में प्रोटीन वाली चीजें जैसे दाल, दूध, अंडा, मछली, चिकन और ड्राई फ्रूट्स जरूर शामिल करें.
- बिना डॉक्टर की सलाह के विटामिन ए, विटामिन ई और सेलेनियम के सप्लीमेंट ज्यादा मात्रा में न लें, क्योंकि इनकी अधिक मात्रा भी बाल झड़ने का कारण बन सकती है.
- रोज थोड़ी देर समय निकालकर हल्के हाथों से सिर की मालिश करें, इससे भी ब्लड फ्लो बढ़ता है.
- इन सब से अलग रोज 8 से 9 घंटे की नींद लें और बहुत टाइट हेयरस्टाइल से बचें.
अगर बाल बहुत तेजी से झड़ रहे हैं या लंबे समय से समस्या बनी हुई है, तो डॉक्टर से सलाह जरूर लें. क्योंकि कुछ मामलों में बाल झड़ने की वजह कोई मेडिकल समस्या भी हो सकती है.
यह भी पढ़ें- भाप लेना चेहरे के लिए कैसा होता है और ठंडे पानी से मुंह धोने से क्या होता है? स्किन एक्सपर्ट से जानें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं