जरा सोचिए आपको कोई पसंद आता है और आप उससे WhatsApp या किसी दूसरे चैटिंग प्लेटफॉर्म पर बात करना शुरू करते हैं. उसके रिप्लाई मजेदार और दिलचस्प लगते हैं. धीरे-धीरे आप उससे प्रभावित होने लगते हैं. लेकिन जब आप उससे पहली बार मिलने जाते हैं, तो पता चलता है कि मैसेज में दिखने वाली उसकी पर्सनैलिटी और असल जिंदगी की पर्सनैलिटी बिल्कुल अलग है. इसी स्थिति को Chatfishing कहा जाता है. AI के बढ़ते इस्तेमाल के साथ ये नया डेटिंग ट्रेंड तेजी से सामने आ रहा है. अब लोग अपने मैसेज खुद लिखने के बजाय AI टूल्स की मदद लेने लगे हैं, जिससे उनके जवाब ज्यादा स्मार्ट, रोमांटिक लगते हैं.
क्या है Chatfishing?
Chatfishing सुनने में Catfishing जैसा लगता है, लेकिन ये डेटिंग की दुनिया का एक नया ट्रेंड है. इसमें कुछ लोग, जो या तो खुद अच्छे मैसेज लिखने में झिझकते हैं या फिर अच्छे रिप्लाई देने में मुश्किल महसूस करते हैं, वे AI की मदद से अपने पार्टनर के मैसेज का जवाब देते हैं. ऐसे लोग अक्सर अपनी चैट का स्क्रीनशॉट लेकर AI टूल्स में डालते हैं और वहां से मिले जवाब को कॉपी-पेस्ट करके सामने वाले को भेज देते हैं. इससे उनके मैसेज ज्यादा स्मार्ट, रोमांटिक या दिल जीतने वाले लगते हैं. Chatfishing को डेटिंग की दुनिया में एक नए रेड फ्लैग के रूप में देखा जा रहा है, क्योंकि ये किसी व्यक्ति की असल पहचान और उसकी ऑनलाइन इमेज के बीच बड़ा अंतर पैदा कर सकता है.
यह भी पढ़ें: ऑफिस में मीठी बातें करने वाला सहकर्मी कहीं आपसे जल तो नहीं रहा? जानिए क्या कहती है स्टडी
कब समस्या बनती है चैटफिशिंग?
ये डेटिंग ट्रेंड तब तक ठीक माना जा सकता है, जब तक आप AI की मदद सिर्फ अपने विचारों को बेहतर तरीके से व्यक्त करने या किसी को इंप्रेस करने के लिए कर रहे हैं, न कि अपनी असली पहचान छिपाने के लिए. आपको बता दें कि किसी मैसेज का बेहतर जवाब सोचने, मजेदार पिक-अप लाइन बनाने या कुछ रोमांटिक पंक्तियां लिखने में AI की मदद लेना कोई बड़ी बात नहीं है. लेकिन समस्या तब शुरू होती है, जब आपकी असली पर्सनैलिटी और चैट में दिखाई देने वाली पर्सनैलिटी एक-दूसरे से बिल्कुल अलग हो. अगर रिलेशनशिप में शामिल कोई एक व्यक्ति या दोनों ही अपने मैसेज AI से लिखवा रहे हैं, तो वे अनजाने में सामने वाले को एक ऐसी छवि दिखा रहे होते हैं जो पूरी तरह उनकी अपनी नहीं है. ऐसे में जब दोनों लोग पहली बार मिलते हैं, तो चैट में बना इंप्रैशन और असलियत के बीच का अंतर साफ नजर आने लगता है.
चैटफिशिंग को कैसे डील करें?
बातचीत में ये पता लगाना मुश्किल हो जाता है कि कोई खुद मैसेज लिख रहा है या AI की मदद ले रहा है. फिर भी कुछ ऐसी बातें होती हैं, जिन पर ध्यान दिया जा सकता है. उदाहरण के लिए जैसे आम बातचीत में ज्यादातर लोग सरल भाषा का इस्तेमाल करते हैं और अपनी पसंदीदा फिल्मों, वेब सीरीज या रोजमर्रा की बातों का जिक्र करते हैं. लेकिन अगर कोई व्यक्ति हर बार बेहद सजे-संवरे और जरूरत से ज्यादा परफेक्ट जवाब दे रहा है, तो हो सकता है कि AI से लिखवाया गया हो. एक्सपर्ट्स के के मुताबिक, Chatfishing को पहचानने का सबसे अच्छा तरीका है कि आप उस व्यक्ति से असल जीवन में मिलें और उसके साथ समय बिताएं. आमने-सामने की बातचीत से जल्दी समझ आ जाता है कि चैट में दिखने वाली पर्सनैलिटी और असल व्यक्तित्व एक जैसे हैं या नहीं.
यह भी पढ़ें: सिर्फ I Love You कहने से नहीं चलेगा काम... रिश्ते में भरोसा दिलाना भी है बहुत जरूरी, जानिए 4 कारण
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं