सुबह की शुरुआत अगर सही तरीके से की जाए तो पूरा दिन आपको लाइट और अच्छा महसूस हो सकता है. इसके लिए कुछ लोग सुबह के समय एक्सरसाइज करते हैं तो कुछ मेडिटेट करते हैं. लेकिन अगर आपके पास सुबह-सुबह ज्यादा समय नहीं रहता है, तो इन सब से अलग आप केवल 5 मिनट निकालकर मलासन कर सकते हैं. मलासन एक बहुत ही आसान लेकिन असरदार योगासन है. इसे 'गारलैंड पोज' या 'स्क्वाट पोज' भी कहा जाता है. रोज सुबह केवल 5 मिनट मलासन में बैठकर एक गिलास गुनगुना पानी पीने से आपको एक साथ कई फायदे मिल सकते हैं. एडवांस्ड योगा टीचर, वेट लॉस कोच और फिजियोथेरेपिस्ट मेहाक मेहता ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक पोस्ट शेयर की है. इस पोस्ट में उन्होंने सुबह मलासन में बैठकर पानी पीने के कुछ ऐसे ही फायदे बताए हैं. आइए जानते हैं इनके बारे में-
क्या कहती हैं एक्सपर्ट?
अपनी पोस्ट में मेहाक मेहता बताती हैं कि उन्होंने खुद इस रूटीन को 7 दिन तक फॉलो किया. यानी उन्होंने लगातार 7 दिनों तक रोज सुबह 5 मिनट के लिए मलासन में बैठकर गुनगुना पानी पिया. इससे एक हफ्ते के अंदर ही उन्हें अपनी बॉडी में कमाल का फर्क देखने को मिला-
मलासन में बैठकर पानी पीने के फायदे | Benefits of Doing Malasana Daily
मल त्याग में हो सकती है आसानीमेहाक मेहता के अनुसार, मलासन में बैठकर गुनगुना पानी पीने से मल त्याग के समय मदद कर सकती है. यह पोज हमारी बड़ी आंत को सही पोजिशन में लाता है, जिससे पेट साफ करना आसान हो जाता है. ऐसे में अगर सुबह के समय टॉयलेट में देर तक बैठे रहने के बाद भी आपका पेट साफ नहीं होता है, या आपको कब्ज की समस्या रहती है, तो आप रोज सुबह ये आसान काम कर सकते हैं. योग गुरु बताती हैं कि मलासन करने के कुछ ही दिनों बाद उन्हें सुबह के समय अपना पेट ज्यादा हल्का महसूस होना लगा.
पाचन तंत्र होता है मजबूतयोगा टीचर बताती हैं, हमारी आंतें अपने आप लगातार काम करती रहती हैं. खाने और मल को आगे बढ़ाने के लिए आंतों में हलचल होती है. इसे पेरिस्टालसिस कहते हैं. सुबह मलासन में बैठकर पानी पीने से इस प्रोसेस को एक्टिव होने में मदद मिल सकती है, जिससे पाचन अच्छा होता है और पाचन तंत्र मजबूत रहता है.
कमर और हिप्स को भी मिल सकता है फायदाजो लोग लंबे समय तक कुर्सी पर बैठकर काम करते हैं, उन्हें अपने हिप्स और कमर में जकड़न महसूस हो सकती है. मलासन में बैठने से हिप्स को स्ट्रेच मिलता है. इससे कमर के आसपास हल्कापन महसूस हो सकता है, साथ ही आपकी बॉडी को आराम मिल सकता है.
टखनों और पैरों की मूवमेंट हो सकती है बेहतरमलासन करते समय घुटने, टखने और पैरों का इस्तेमाल होता है. ऐसे में इस पोज को सही तरीके से करने पर इन हिस्सों की मूवमेंट को बेहतर करने में मदद मिल सकती है.
सुबह जल्दी एक्टिव हो सकता है शरीरइन सब से अलग सुबह उठकर सीधे मोबाइल देखने या बिस्तर में पड़े रहने के बजाय कुछ मिनट मलासन में बैठने से आपकी बॉडी भी जल्दी एक्टिव हो सकती है, साथ ही गुनगुना पानी पीने से दिन की शुरुआत हाइड्रेशन के साथ भी होती है.
इन बातों का रखें ध्यानअगर मलासन करते समय आपकी एड़ियां जमीन पर नहीं टिकती हैं तो उन्हें जबरदस्ती नीचे न करें. आप एड़ियों के नीचे तौलिया या योगा मैट को मोड़कर रख सकते हैं. इससे शरीर को सहारा मिलेगा. अगर शुरुआत में नीचे बैठना मुश्किल लगे तो धीरे-धीरे कोशिश करें. जरूरत पड़ने पर दीवार का सहारा लेकर भी मलासन किया जा सकता है.
वहीं, अगर आपके घुटने, टखने, कूल्हे या कमर में दर्द रहता है, तो मलासन करने से पहले एक्सपर्ट की सलाह लेना बेहतर है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं