विज्ञापन

तुलसी के पौधे में कीड़े लग जाएं तो क्या करें? गार्डनिंग एक्सपर्ट ने बताया तुलसी में काला कीड़ा दिखे तो क्या डालना चाहिए

गार्डनिंग एक्सपर्ट मानवी ने तुलसी के पौधे से कीड़ों को साफ करने का असरदार तरीका बताया है. आइए जानते हैं इसके बारे में-

तुलसी के पौधे में कीड़े लग जाएं तो क्या करें? गार्डनिंग एक्सपर्ट ने बताया तुलसी में काला कीड़ा दिखे तो क्या डालना चाहिए
तुलसी के पौधे में कीड़ा लग जाए तो क्या करें?
(Photo Credit: NDTV)

तुलसी का पौधा लगभग हर घर में होता है. तुलसी को धार्मिक नजरिए से तो खास माना जाता है ही, साथ ही इस पौधे में कई औषधीय गुण भी पाए जाते हैं. ऐसे में ज्यादातर लोग अपने घर के आंगन में तुलसी लगाना पसंद करते हैं. अब, आमतौर पर तुलसी को ज्यादा देखभाल की जरूरत नहीं होती है. बरसात के मौसम में ये पौधा खूब घना और हरा-भरा रहता है, लेकिन बारिश खत्म होने के बाद तुलसी के पौधे में कई तरह की परेशानियां शुरू हो जाती हैं. इसकी हरी पत्तियां अचानक भूरी या काली पड़ने लगती हैं. इसके साथ ही कई बार पत्तियों के ऊपर छोटे-छोटे काले कीड़े भी लग जाते हैं. अगर आपकी तुलसी पर भी इस तरह के कीड़े नजर आ रहे हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है. गार्डनिंग एक्सपर्ट मानवी ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने तुलसी के पौधे से कीड़ों को साफ करने का असरदार तरीका बताया है. आइए जानते हैं इसके बारे में- 

तुलसी के पौधे में कीड़ा लग जाए तो क्या करें?

गार्डनिंग एक्सपर्ट बताती हैं, तुलसी में लगने वाले काले कीड़ों को ब्लैक एफिड्स कहा जाता है. ये खासकर पौधे की पत्तियों पर नजर आते हैं. ब्लैक एफिड्स पत्ते पर चिपककर तुलसी को नुकसान पहुंचाने लगते हैं. ऐसे में इन्हें साफ करने के लिए आप कुछ छोटे-छोटे स्टेप्स फॉलो कर सकते हैं. जैसे- 

पहले पौधे को दूसरे पौधों से दूर करें

अगर तुलसी की पत्तियों पर छोटे काले कीड़े दिखाई दे रहे हैं, तो सबसे पहले उस गमले को दूसरे पौधों से अलग कर दें. एफिड्स तेजी से फैल सकते हैं. इसलिए संक्रमित पौधे को अलग रखना जरूरी है.

कटिंग करें 

अब, पौधे की पत्तियों और टहनियों को ध्यान से देखें. जिन हिस्सों पर बहुत ज्यादा कीड़े लगे हैं या जो पूरी तरह खराब हो चुके हैं, उन्हें साफ कटर से काटकर अलग कर दें. ध्यान रहे कि आपको काटे हुए पत्ते और टहनियों को गमले में नहीं छोड़ना है. काटने के बाद इन्हें पौधे से दूर फेंक दें.

पानी की तेज धार से धोएं पत्तियां

गार्डनिंग एक्सपर्ट बताती हैं, इतना करने के बाद पौधे की सफाई के लिए पानी की तेज धार का इस्तेमाल किया जा सकता है. पत्तियों के ऊपर और नीचे दोनों तरफ अच्छी तरह पानी डालें. खासकर पत्तियों के नीचे ध्यान दें, क्योंकि एफिड्स अक्सर वहीं छिपे रहते हैं. पौधे को धोते समय कोशिश करें कि कीड़े गमले की मिट्टी में न गिरें.

लहसुन और कपूर से बनाएं स्प्रे

पानी से धोने के बाद आप घर पर ही पौधे के लिए नेचुरल कीटनाशक स्प्रे बनाकर तैयार कर सकते हैं. इसके लिए 4-5 लहसुन की कलियां लें और उन्हें हल्का कुचल लें. इन्हें एक गिलास पानी में डालकर उबालें. पानी जब आधा रह जाए तो गैस बंद कर दें.

अब, इस पानी को छान लें. इसमें थोड़ा सा कपूर डालकर अच्छी तरह मिला लें. इसके बाद इस घोल में बराबर मात्रा में साफ पानी डालें. इतना करते ही आपका नेचुरल कीटनाशक स्प्रे बनाकर तैयार हो जाएगा, इसे एक स्प्रे बोतल में भर लें और धीरे-धीरे तुलसी की पत्तियों पर इसका छिड़काव करें.  और बेहतर नतीजों के लिए आप इस स्प्रे में थोड़ी मात्रा में नीम का तेल भी मिला सकते हैं. 

समय का रखें ध्यान 

गार्डनिंग एक्सपर्ट हमेशा शाम के समय पौधे पर इस स्प्रे का छिड़काव करने की सलाह देती हैं. तेज धूप में तेल वाला स्प्रे करने से पत्तियों को नुकसान हो सकता है. इसलिए तुलसी के पौधे पर शाम के समय ये कीटनाशक स्प्रे करें और फिर अगले दिन पौधे को नॉर्मल पानी से धो दें. 

मिट्टी में डालें नीम खली

गार्डनिंग एक्सपर्ट बताती हैं, तुलसी के पौधे की मिट्टी में नीम की खली डालने से भी कुछ हद तक कीड़ों को दूर करने में मदद मिल सकती है. ऐसे में आप तुलसी के गमले की मिट्टी के ऊपर थोड़ी नीम खली भी डाल सकते हैं.

तुलसी के पौधे पर सफेद परत दिखे तो क्या करें?

कई बार बारिश के बाद तुलसी की पत्तियों पर सफेद रंग की पाउडर जैसी परत भी दिखने लगती है. एक्सपर्ट के मुताबिक, ये मिल्ड्यू नाम की फंगल समस्या हो सकती है. इससे बचने के लिए पौधे को ऐसी जगह रखें जहां हवा आती-जाती रहे. पत्तियों पर जरूरत से ज्यादा पानी न डालें और पौधे को बहुत ज्यादा नमी में न रखें.

गार्डनिंग एक्सपर्ट कहती हैं, तुलसी के पौधे को समय-समय पर ध्यान से देखें. पत्तियों के नीचे भी जरूर जांच करें. शुरुआत में ही कीड़ों का पता चल जाए तो पौधे को बचाना आसान होता है. खासकर बारिश का मौसम खत्म होने के बाद तुलसी की नियमित जांच करना जरूरी है. इस तरह छोटी-छोटी बातों पर ध्यान देकर आप अपने पौधे पर कीड़े लगने से बचा सकते हैं.

यह भी पढ़ें- धोने के बाद सख्त और खुरदुरा हो जाता है तौलिया? जानें सूख के कड़क हो चुके तौलिए को वापस सॉफ्ट कैसे बनाएं

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gardening Tips, Lifestyle News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com