REON Pockect Pro Plus: गर्मी हर साल लोगों की परेशानी बढ़ा रही है. बाहर निकलते ही तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर देती हैं. ऐसे में अब टेक्नोलॉजी कंपनियां भी गर्मी से राहत देने वाले नए-नए गैजेट्स ला रही हैं. इसी बीच जापान की मशहूर कंपनी सोनी ने एक खास वियरेबल कूलर लॉन्च किया है, जिसे गले में पहनकर इस्तेमाल किया जा सकता है. यह छोटा सा डिवाइस शरीर को ठंडा रखने में मदद करता है और बिना एसी के भी कूलिंग का एहसास दे सकता है.
गले में पहनकर करता है कूलिंग
इस डिवाइस का नाम REON Pocket Pro Plus है. इसे कपड़ों के अंदर गर्दन के पास लगाया जाता है. जैसे ही डिवाइस ऑन होती है, यह गर्दन के आसपास ठंडक पहुंचाने लगती है. कंपनी का कहना है कि यह बॉडी टेम्परेचर (Body Temperature) को बैलेंस करने में मदद करती है, जिससे गर्मी कम महसूस होती है.

स्मार्ट सेंसर से खुद एडजस्ट होती है ठंडक
इस गैजेट में स्मार्ट सेंसर (Smart Sensors) दिए गए हैं जो आसपास के तापमान को पहचान सकते हैं. यानी अगर बाहर ज्यादा गर्मी होगी तो यह अपने आप कूलिंग बढ़ा सकती है. यूजर्स इसे मोबाइल ऐप से भी कंट्रोल कर सकते हैं. इसमें अलग-अलग कूलिंग मोड (Cooling Mode) और वार्म मोड (Warm Mode) भी मौजूद हैं.
कंपनी के मुताबिक इसकी बैटरी पहले के मॉडल्स के मुकाबले ज्यादा देर तक चल सकती है. यही वजह है कि इसे ऑफिस जाने वाले लोग, ट्रैवलर्स और बाहर काम करने वाले लोगों के लिए काफी उपयोगी माना जा रहा है.
यह भी पढ़ें- बार-बार जाम हो जाती है आपके किचन की चिमनी? जानिए साफ करने का सही तरीका, मिनटों में हटेगी चिपचिपी गंदगी

अभी भारत में नहीं हुई लॉन्च
फिलहाल यह डिवाइस यूके समेत कुछ देशों में लॉन्च की गई है. इसकी कीमत करीब 199 पाउंड यानी लगभग 21 से 22 हजार रुपये के आसपास बताई जा रही है. अभी इसे भारत में बिक्री के लिए उपलब्ध नहीं कराया गया है.

बढ़ती गर्मी में बढ़ सकती है डिमांड
भारत में हर साल हीटवेव और रिकॉर्ड तोड़ गर्मी देखने को मिल रही है. ऐसे में अगर यह डिवाइस भारत में लॉन्च होती है तो इसकी मांग तेजी से बढ़ सकती है. हालांकि एक्सपर्ट्स मानते हैं कि यह एसी की जगह नहीं ले सकती, लेकिन पर्सनल कूलिंग के लिए यह काफी मददगार साबित हो सकती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं