कपड़े खरीदते समय हम अक्सर उनके रंग, डिजाइन और फिटिंग पर ध्यान देते हैं. कई लोग तो ट्रायल रूम में जाकर यह भी देखते हैं कि कोई ड्रेस उन पर कैसी दिखेगी, लेकिन क्या आप जानते हैं कि बिना कपड़े पहने भी यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि कोई आउटफिट आप पर जचेगा या नहीं. फैशन एक्सपर्ट्स के अनुसार, आपकी आंखों का रंग और उनके आसपास का नेचुरल टोन इस बात का बड़ा संकेत देता है कि कौन-से रंग और कपड़े आपकी पर्सनैलिटी को सबसे ज्यादा निखारेंगे यानी अगली बार शॉपिंग पर जाएं, तो ट्रायल से पहले अपनी आंखों पर भी एक नजर जरूर डालें.
फैशन एजुकेटर और स्टाइलिस्ट विनी ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने बताया है कि आपके ऊपर किस तरह रंग के कपड़े अच्छे लगेंगे. इसके लिए आपको ट्रायल रूम में बार-बार जाकर चेक करने की आवश्यकता भी नहीं पड़ेगी. ट्रायल रूम में कपड़ों के रंग का सिलेक्ट करने का यह एक बहुत ही शानदार और व्यावहारिक तरीका है. जब आप कुर्ती या शर्ट को अपने चेहरे के पास लाती हैं, तो कपड़े से टकराने वाली रोशनी आपके चेहरे, खासकर आंखों के नीचे पड़ती है.
अगर कोई रंग आपके चेहरे की टोन से मेल नहीं खाता है, तो वह आंखों के नीचे की त्वचा को दबा देता है, जिससे डार्क सर्कल्स या झाइयां ज्यादा गहरी और साफ दिखाई देती हैं. इसके अलावा अगर आपकी त्वचा उस रंग के अनुकूल है, तो वह चेहरे पर एक ग्लो लाता है और डार्क सर्कल्स हल्के व छिपे हुए नजर आते हैं.
नेचुरल लाइट
ट्रायल रूम की तेज पीली या सफेद लाइट अक्सर कपड़ों का असली रंग छिपा लेती है. अगर, संभव हो तो बाहर निकलकर नेचुरल रोशनी में भी शीशे में अपना चेहरा देखें.
अंडरटोन मैचिंग
हमेशा अपने वार्म या कूल अंडरटोन के हिसाब से रंग चुनें. उदाहरण के लिए, कूल अंडरटोन वालों पर गहरे नीले और गुलाबी रंग अच्छे लगते हैं, जबकि वार्म अंडरटोन वाले पीले और नारंगी रंगों में बेहतर दिखते हैं.
यह भी पढ़ें:- चेहरे पर पड़ रहे हैं जिद्दी काले दाग? एक्सपर्ट से जानिए पिगमेंटेशन के पीछे छिपी असली वजहें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं