ज्वेलरी किसी भी लुक की जान होती है, लेकिन हर डिजाइन हर चेहरे पर एक जैसा अच्छा नहीं लगता. जिस तरह कपड़े शरीर की बनावट के अनुसार चुने जाते हैं, उसी तरह ज्वेलरी का चुनाव भी चेहरे के आकार को ध्यान में रखकर करना चाहिए. सही ईयररिंग्स, नेकलेस या ज्वेलरी सेट न केवल आपकी खूबसूरती में चार चांद लगते हैं, बल्कि चेहरे को निखारने का काम भी करती है. अगर आप भी चाहती हैं कि आपकी ज्वेलरी आपके लुक में चार चांद लगा दे, तो फेस शेप के अनुसार ज्वेलरी चुनने के कुछ आसान टिप्स आपके बहुत काम आ सकते हैं.
स्टाइल एक्सपर्ट्स के अनुसार, ज्वेलरी ऐसी चुननी चाहिए जो आपके चेहरे की बनावट को बैलेंस करे, न कि उसे और ज्यादा उभारे. चाहे आपका चेहरा गोल, चौकोर, अंडाकार, हार्ट शेप या लंबा हो, सही ज्वेलरी आपके पूरे लुक में बड़ा फर्क ला सकती है. एचटी की रिपोर्ट के अनुसार, डिजाइनर ज्वेलरी ब्रांड की फाउंडर दिशा सोमानी ने बताया है कि फेस शेप के हिसाब से ज्वेलरी चुनकर आप अपनी खूबसूरती को और बेहतर तरीके से निखार सकती हैं.
गोल चेहरा
अगर आपके चेहरे का आकार गोल है और गाल सबसे चौड़ा हिस्सा हैं, तो ऐसी ज्वेलरी चुनें जो चेहरे को थोड़ा लंबा दिखाने में मदद करे. इसके लिए लंबे ड्रॉप ईयररिंग्स, ज्योमेट्रिक डिजाइन और टीयरड्रॉप वाले इयररिंग्स अच्छे विकल्प हो सकते हैं. वहीं V-शेप पेंडेंट और लेयर्ड नेकलेस भी चेहरे को अधिक संतुलित दिखाने में मदद करते हैं. हालांकि, बड़े गोल हूप्स, गोल स्टड्स और बहुत टाइट चोकर पहनने से बचें, क्योंकि ये चेहरा और ज्यादा चौड़ा दिखा सकते हैं.
चौकोर चेहरा
अगर आपका जबड़ा चौड़ा और चेहरे की बनावट थोड़ी एंगुलर है, तो ऐसी ज्वेलरी चुनें जो चेहरे में सॉफ्टनेस जोड़ सके. दिशा सोमानी के अनुसार, हूप ईयररिंग्स, ओवल शेप ईयररिंग्स, घुमावदार टीयरड्रॉप डिजाइन और गोल पेंडेंट इस तरह के चेहरे पर बहुत अच्छे लगते हैं. इसके अलावा, हल्के घुमाव वाले चोकर और कॉलर-लेंथ नेकलेस भी चेहरे की रेखाओं को संतुलित करने में मदद करते हैं. वहीं चौकोर या बहुत ज्यादा ज्योमेट्रिक डिजाइन वाली ज्वेलरी से बचना बेहतर होता है, क्योंकि ये चेहरे के एंगुलर लुक को और उभार सकती हैं.
ओवल फेस
ओवल फेस को सबसे सही फेस शेप माना जाता है, इसलिए इस पर ज्यादातर ज्वेलरी डिजाइन अच्छे लगते हैं. चाहे स्टड्स हों, हूप ईयररिंग्स, झुमके या लेयर्ड नेकलेस, लगभग हर स्टाइल ओवल फेस पर आसानी से सूट करता है. हालांकि, बहुत लंबे और पतले ईयररिंग्स चेहरे को जरूरत से ज्यादा लंबा दिखा सकते हैं. ऐसे में हूप्स या क्लस्टर ईयररिंग्स पहनकर चेहरे का संतुलन बनाए रखा जा सकता है.
हार्ट शेप फेस
हार्ट शेप फेस में माथा थोड़ा चौड़ा होता है, जबकि ठुड्डी की तरफ चेहरा पतला हो जाता है. दिशा सोमानी के अनुसार, ऐसे चेहरे पर नीचे की ओर चौड़े डिजाइन वाले इयररिंग्स, जैसे टीयरड्रॉप, झूमर स्टाइल इयररिंग्स और चांदबाली, बेहद खूबसूरत लगते हैं. ये चेहरे के ऊपरी और निचले हिस्से के बीच संतुलन बनाने में मदद करते हैं. इसके अलावा, छोटे नेकलेस, प्रिंसेस-लेंथ चेन और हल्के चोकर भी ठुड्डी के हिस्से को सॉफ्ट लुक देते हैं. वहीं बहुत नुकीले या चिन जैसी शेप वाले ईयररिंग्स पहनने से बचना चाहिए, क्योंकि ये चेहरे के आकार को और ज्यादा उभार सकते हैं.
यह भी पढ़ें:- बारिश के चिपचिपे मौसम में कितनी बार चेहरा धोना चाहिए? एक्सपर्ट्स से जानिए फायदे और नुकसान
यह भी पढ़ें:- मानसून में त्वचा हो रही है बेजान, एक्सपर्ट से जानिए इसके पीछे की वजह और बचाव के तरीके
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं